हांसी (दिनकर गावड़ी):- पुलिस अधीक्षक हांसी विनोद कुमार ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डंडेरी के खेल स्टेडियम में पहुंचकर ग्रामीणों, खिलाड़ियों एवं युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर हांसी पुलिस की ओर से गांव की जूनियर एवं सीनियर फुटबॉल टीमों के बीच मैत्री फुटबॉल मैच का आयोजन करवाया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना तथा नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में पहुंचने पर ग्रामवासियों द्वारा पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया गया। इसके उपरांत एसपी ने खिलाड़ियों से परिचय किया और फुटबॉल मैच का शुभारंभ करवाया। उन्होंने खिलाड़ियों के बीच पहुंचकर उनका उत्साहवर्धन किया तथा खेल भावना, अनुशासन और आपसी सहयोग के साथ खेलने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि खेल युवाओं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करते हैं। युवाओं को अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों में लगानी चाहिए। नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। इसलिए युवाओं को नशे से दूर रहकर अपने भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान ट्रैफिक एसएचओ सुनील कुमार ने ग्रामीण युवाओं को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। साइबर थाना की टीम ने साइबर अपराधों, ऑनलाइन धोखाधड़ी तथा फर्जी कॉल एवं लिंक से बचाव के उपायों की जानकारी दी। वहीं नशा मुक्ति टीम के सहायक उप निरीक्षक दीपक कुमार ने नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से बताते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने ग्रामीणों एवं अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को खेलों और सकारात्मक गतिविधियों के प्रति प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज का निर्माण केवल पुलिस के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक, अभिभावक और युवा की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

इस अवसर पर डीएसपी विनोद शंकर, प्रतीक्षा, सीएमजीए हांसी, थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सदानंद सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तथा ग्रामीण उपस्थित रहे।

हांसी पुलिस द्वारा युवाओं को नशे से दूर रखने, खेलों को बढ़ावा देने तथा आमजन को यातायात नियमों एवं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।