हांसी (दिनकर गावड़ी):- शहीद भगत सिंह संगठन समिति की ओर से समिति अध्यक्ष सरदार कृष्ण इलावादी के नेतृत्व में बजरंग आश्रम पावन धाम में महान क्रांतिकारी शहीद करतार सिंह सराभा का 111वां शहीदी दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समिति के सदस्यों ने शहीद करतार सिंह सराभा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों ने शहीदों के सम्मान में अमर रहें के नारे लगाए। कार्यक्रम में जिले सिंह धूपिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

समिति के प्रधान सरदार कृष्ण इलावादी ने कहा कि आज ही के दिन महान क्रांतिकारी करतार सिंह सराभा को लाहौर में फांसी दी गई थी। उनके साथ छह अन्य क्रांतिकारियों को भी देश की आजादी के लिए संघर्ष करने के कारण फांसी की सजा दी गई थी। उन्होंने कहा कि इन वीर सपूतों ने अंग्रेजी हुकूमत से भारत को आजाद करवाने के लिए अपने जीवन का बलिदान दे दिया। देश की आजादी में उनके योगदान और त्याग को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

किशोरी लाल नागपाल ने कहा कि शहीद करतार सिंह सराभा का जन्म एक बेहद संपन्न परिवार में हुआ था, लेकिन उन्होंने सुख-सुविधाओं और धन-दौलत को त्यागकर देश को आजाद करवाने का संकल्प लिया। उनके मन में देशभक्ति और आजादी की ऐसी भावना थी कि उन्होंने अपना पूरा जीवन मातृभूमि के नाम समर्पित कर दिया।

विजय पाल शास्त्री ने कहा कि शहीद करतार सिंह सराभा जैसे महान क्रांतिकारियों का जन्मदिवस और शहीदी दिवस पूरे देश में पर्व की तरह मनाया जाना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके बलिदान और देशभक्ति से प्रेरणा ले सकें।

इस मौके पर ओमप्रकाश मुंजाल, जिले सिंह धूपिया, किशोरी लाल नागपाल, प्रेम गुलाटी, रामस्वरूप खट्टर, हमेश खुराना, सुभाष मेहता, पंडित जी, रमेश कुकडेजा, फतेह सिंह, सोनू, मलकियत, ऋषि कुमार, संजय मुंजाल, शमशेर चौहान, जयकुंवार चौहान सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।