हांसी, 5 अक्तूबर (दिनकर गावड़ी):- सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर परिषद कार्यालय में आयोजित दो दिवसीय ‘सेवा सेतु कैंप’ नागरिकों के लिए एक प्रभावी वन स्टॉप सेंटर के रूप में कार्य कर रहा है।

डीएमसी एवं अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन के मार्गदर्शन में आयोजित इस कैंप में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी एक ही स्थान पर उपलब्ध रहकर नागरिकों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र नागरिकों के आवेदन मौके पर करवाने तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं।

कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की राष्ट्रीय सलाहकार एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. नेहा धवन ने कैंप का निरीक्षण किया और विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई स्टॉलों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से नागरिकों को उपलब्ध करवाई जा रही सेवाओं तथा प्राप्त शिकायतों एवं उनके समाधान की जानकारी ली। उन्होंने कैंप में पहुंचे नागरिकों से भी संवाद करते हुए योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त की।

एक ही परिसर में उपलब्ध करवाई जा रही विभिन्न विभागों की सेवाएं

सेवा सेतु कैंप में नागरिकों को अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है। परिवार पहचान पत्र, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वरोजगार एवं स्ट्रीट वेंडर्स लोन, कृषि एवं संबद्ध सेवाओं, आयुष तथा सौर ऊर्जा सहित विभिन्न योजनाओं से संबंधित सेवाएं एवं मार्गदर्शन एक ही परिसर में उपलब्ध करवाया जा रहा है।

परिवार पहचान पत्र में संशोधन, नए आवेदन तथा राशन कार्ड से संबंधित समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन से संबंधित मामलों में भी आवश्यक प्रक्रिया पूरी करवाई जा रही है। इसी प्रकार प्रधानमंत्री आवास योजना तथा रेहड़ी-पटरी संचालकों के लिए ऋण सुविधाओं की जानकारी एवं आवेदन प्रक्रिया में सहायता दी जा रही है।

व्यक्तिगत रूप से सुनी जा रही नागरिकों की समस्याएं

कैंप की विशेषता यह है कि प्रत्येक नागरिक की समस्या को व्यक्तिगत रूप से सुना जा रहा है। समस्या की प्रकृति के अनुसार संबंधित अधिकारी द्वारा मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। जिन कार्यों का समाधान कुछ ही मिनटों में संभव है, उन्हें तत्काल पूरा करवाया जा रहा है, जिससे नागरिक अपना कार्य पूरा होने के बाद बिना अनावश्यक प्रतीक्षा किए वापस लौट रहे हैं।

आयुष स्वास्थ्य शिविर में नागरिकों को मिल रहा स्वास्थ्य लाभ

कैंप में आयुष विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक दवाइयों की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। बड़ी संख्या में नागरिक आयुष स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ ले रहे हैं। स्वास्थ्य संबंधी जानकारी के साथ-साथ लोगों को स्वस्थ जीवनशैली एवं आयुष पद्धति के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।

सौर ऊर्जा सहित स्वरोजगार योजनाओं की दी जा रही जानकारी

सौर ऊर्जा विभाग के अधिकारी घर एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर सोलर पैनल लगाने के इच्छुक नागरिकों को उपलब्ध योजनाओं, प्रक्रिया एवं सुविधाओं की जानकारी दे रहे हैं। इसके साथ ही डेयरी, मत्स्य पालन तथा अन्य स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी पात्र नागरिकों को उपलब्ध करवाई जा रही है।

अंत्योदय की भावना से अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ

डॉ. नेहा धवन ने कहा कि ऐसे सेवा कैंपों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं को आम नागरिक तक सरल एवं सुगम तरीके से पहुंचाने में मदद मिलती है। एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की उपलब्धता से नागरिकों का समय बचता है और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित होता है।

उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य जनसेवा एवं जनभागीदारी के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे ऐसे कैंपों में पहुंचकर उपलब्ध सेवाओं एवं योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। इस दौरान ईओ राजेंद्र सोनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।