रतिया, 22 नवंबर (एडवोकेट गुरप्रीत मंडेर):- राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रतिया की एनएसएस यूनिट द्वारा दूसरा एक दिवसीय एनएसएस शिविर आयोजित किया गया। शिविर का नेतृत्व कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती बबीता ने किया, जबकि इसकी अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य श्री गजानंद ने की।
इस अवसर पर एनएसएस स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए प्राचार्य गजानंद ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास एवं उनके सर्वांगीण उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। एनएसएस शिविरों में भाग लेने से विद्यार्थियों में समाज सेवा, अनुशासन, सहयोग एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। इसलिए सभी विद्यार्थियों को ऐसे शिविरों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।
शिविर के दौरान सहायक-कम-कंप्यूटर ऑपरेटर श्रीमती वीरपाल कौर ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि वर्तमान इंटरनेट युग में साइबर सुरक्षा का ज्ञान अत्यंत आवश्यक है। प्रत्येक विद्यार्थी को इसकी जानकारी होनी चाहिए, ताकि वह इंटरनेट का सुरक्षित एवं उचित उपयोग कर सके। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों के बारे में जानकारी दी तथा उनसे बचाव के उपायों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
शिविर के अंतर्गत एनएसएस स्वयंसेवकों ने विद्यालय में स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने खेल के मैदान, विद्यालय के विभिन्न कमरों एवं विज्ञान प्रयोगशाला की साफ-सफाई की। इसके अतिरिक्त पेड़-पौधों की सफाई एवं छंटाई का कार्य भी किया।
इस अवसर पर सुनील कुमार, हिंदी प्रवक्ता विकास कुमार, अंग्रेजी प्रवक्ता राम गोपाल बलाना, किरण, पिंकल रानी, सुख सहायक बलदेव सिंह, लाली सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
