हरोली/ऊना, 6 जून (राजवीर चोपड़ा):- नगर पंचायत टाहलीवाल के वार्ड नंबर 6 निवासी फकीर चंद के परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए समाजसेवी रिंकू सहगल ने उनके घर पहुंचकर आर्थिक सहायता प्रदान की। इस दौरान उन्होंने परिवार को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।
रिंकू सहगल ने बताया कि 'सरबत का भला' संस्था की ओर से फकीर चंद के परिवार को हर माह राशन उपलब्ध करवाया जाएगा। इसके अलावा परिवार की सहायता के लिए प्रति माह 1500 रुपये की आर्थिक मदद भी दी जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि फकीर चंद के घर का एक कमरा जर्जर हालत में है और उसका लेंटर गिरने की स्थिति में है। ऐसे में उस कमरे की मरम्मत अथवा आवश्यक निर्माण कार्य का खर्च भी संस्था द्वारा वहन किया जाएगा, ताकि परिवार सुरक्षित वातावरण में रह सके।
गौरतलब है कि वार्ड नंबर 6 के पार्षद अजय सहगल ने कुछ दिन पहले फकीर चंद के परिवार की समस्या को प्रमुखता से उठाया था। उनकी पहल के बाद समाजसेवी संस्था ने परिवार की मदद के लिए आगे आकर सहयोग का हाथ बढ़ाया है।
इस अवसर पर पार्षद अजय सहगल, मुकेश सहगल, साहिल चौधरी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।