अंबाला, 24 अक्टूबर (आर. सिंह):- एस.डी. कॉलेज, अंबाला कैंट ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय द्वारा अंबाला कैंट के जी.एम.एन. कॉलेज में आयोजित तीन दिवसीय अंबाला जोन युवा उत्सव में लगातार 48वीं बार ओवरऑल ट्रॉफी जीतकर इतिहास रच दिया है। युवा उत्सव कल शाम संपन्न हुआ। कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. अलका शर्मा ने बताया कि कॉलेज ने 28 प्रतियोगिताओं में प्रथम, नौ में द्वितीय और तीन में तृतीय स्थान हासिल करके रिकॉर्ड बनाया। कॉलेज ने साहित्यिक प्रतियोगिताओं, नाटक, संगीत, नृत्य और ललित कला की पांचों प्रमुख श्रेणियों की ट्रॉफियां भी जीतीं।
युवा उत्सव के तीनों दिन कॉलेज के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, आत्मविश्वास और कलात्मक प्रतिभा के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया। हरियाणवी लोक संस्कृति की झलक, संगीत की मधुरता, नृत्य की ऊर्जा, चित्रकला की रचनात्मकता और साहित्यिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों तथा निर्णायकों को प्रभावित किया। उत्सव के तीसरे दिन भी कॉलेज के विद्यार्थियों ने अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा। हिंदी भाषण प्रतियोगिता में दूसरा स्थान, हरियाणवी समूह गायन में तीसरा स्थान तथा पश्चिमी एकल गायन और पश्चिमी वाद्य-संगीत एकल प्रतियोगिताओं में पहला स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त, नाटक प्रतियोगिता में शानदार अभिनय के लिए सृष्टि राणा को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के सम्मान से नवाजा गया। इस शानदार सफलता के पीछे विद्यार्थियों की लगातार मेहनत, नियमित अभ्यास, शिक्षकों का मार्गदर्शन और पूरी सांस्कृतिक टीम की एकजुटता रही। विद्यार्थियों ने व्यक्तिगत प्रतिभा के साथ-साथ टीम भावना का भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. अलका शर्मा ने कहा कि लगातार 48वीं बार ओवरऑल ट्रॉफी जीतना कॉलेज के लिए गर्व और सम्मान की बात है। पांचों ट्रॉफियां जीतना विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन, समर्पण और अथक मेहनत का परिणाम है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए विद्यार्थियों, सांस्कृतिक टीम और मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई दी। कॉलेज की सांस्कृतिक गतिविधियों की डीन डॉ. दिव्या जैन और सह-डीन डॉ. नीतू बख्शी ने भी विद्यार्थियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि युवा उत्सव विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता को निखारने का महत्वपूर्ण मंच हैं। उन्होंने पूरी सांस्कृतिक टीम और शिक्षकों के योगदान की सराहना की। डॉ. अलका शर्मा ने कहा कि लगातार 48वीं बार ओवरऑल ट्रॉफी जीतकर सनातन धर्म कॉलेज ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उसकी पहचान केवल अकादमिक क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि कला, साहित्य, संगीत और संस्कृति में भी उसका विशेष स्थान है। यह ऐतिहासिक जीत पूरे कॉलेज परिवार के लिए गर्व का क्षण और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
