होशियारपुर / दलजीत अजनोहा:- रयात बहारा प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के ‘यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ लॉ’ की ओर से सामाजिक दायित्व और कानूनी साक्षरता अभियान के तहत गांव फुगलाना में ‘बाल तस्करी’ विषय पर एक प्रभावशाली जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ लॉ की विभागाध्यक्ष सुश्री प्रियंका पुरी के दिशा-निर्देशन तथा समन्वयक श्री राहुल मढ़ारा और सहायक प्रोफेसर सुश्री अलका रानी की देखरेख में संपन्न हुआ।

इस आउटरीच कार्यक्रम में कानून के कुल 71 विद्यार्थियों, जिनमें 17 छात्र और 54 छात्राएं शामिल थीं, ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों और सरकारी स्कूल के बच्चों को बाल तस्करी की गंभीर समस्या, बच्चों के शोषण की रोकथाम, बाल अधिकारों तथा बाल सुरक्षा से जुड़े कानूनी पहलुओं के प्रति जागरूक करना था।

जागरूकता अभियान के तहत विद्यार्थियों ने गांव में जागरूकता रैली निकाली और आमजन से बाल सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की अपील की। इसके अतिरिक्त, विद्यार्थियों ने एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया, जिसके माध्यम से बाल तस्करी के खतरों तथा आपात स्थिति में कानूनी सहायता लेने और घटना की रिपोर्ट करने के महत्व को सरल एवं प्रभावी ढंग से उजागर किया गया। कानून के विद्यार्थियों ने स्कूली बच्चों और ग्रामीणों के साथ संवाद कर उन्हें सुरक्षित माहौल तथा बच्चों के अधिकारों के प्रति जागरूक किया। ग्रामीणों और शिक्षकों ने यूनिवर्सिटी के इस सामाजिक प्रयास की भरपूर सराहना की।