होशियारपुर- रयात बाहरा बी.एड. कॉलेज में शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु की याद में ‘शहीद उत्सव’ मनाया गया। इस अवसर पर कॉलेज के विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और देशभक्ति से ओतप्रोत गतिविधियों में हिस्सा लिया।
कैंपस डायरेक्टर डॉ. चंद्र मोहन ने शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए युवाओं से उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहीदों को न केवल याद करना जरूरी है, बल्कि उनके विचारों को अमल में लाना भी जरूरी है।
देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति ने समा बांध दिया, जिससे विद्यार्थियों में जोश और राष्ट्रीय भावना जागृत हुई। इसके अलावा भाषण और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें विद्यार्थियों ने अपने विचार और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि प्रो. प्रशांत सेठी और रविंदर पाल सिंह ने विद्यार्थियों को शहीदों के संघर्ष और उनकी अदम्य भावना के बारे में विस्तार से बताया। प्रो. प्रशांत सेठी ने कहा कि शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने पहले थे। उन्होंने युवाओं से उनकी विचारधारा को समझने और उनके आदर्शों पर चलने की अपील की।
 उन्होंने कहा कि शहीदों को सिर्फ याद करना ही काफी नहीं है, बल्कि उनके विचारों को अपनाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर कॉलेज प्राचार्य सहित पूरा स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ, जिससे विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना और प्रबल हुई।