चंडीगढ़, 22 नवंबर:- हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) द्वारा डिप्टी रेंजर, फॉरेस्टर और फॉरेस्ट गार्ड के पदों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीएसटी) का आयोजन 23 से 30 नवंबर 2026 तक करनाल में किया जाएगा। इन पदों के लिए शारीरिक माप परीक्षा (पीएमटी) में सफल कुल 16,424 अभ्यर्थी पीएसटी में शामिल होंगे, जिनमें 12,404 पुरुष और 4,020 महिला अभ्यर्थी हैं।
आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने आज पीएसटी स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान जिला उपायुक्त और पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे।
आयोग के चेयरमैन ने संबंधित अधिकारियों को अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीएसटी के आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
करनाल के उपायुक्त आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से पीएसटी के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए यातायात प्रबंधन और सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं।
जिला प्रशासन आयोग के साथ समन्वय स्थापित कर इस आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। पीएसटी का आयोजन 23 से 30 नवंबर तक आउटर रिंग रोड, गांव दादूपुर खुर्द, विवान होटल के निकट, एनएच-44, करनाल में होगा। पुरुष अभ्यर्थियों को 25 किलोमीटर की दौड़ चार घंटे में और महिला अभ्यर्थियों को 14 किलोमीटर की दौड़ चार घंटे में पूरी करनी होगी।
आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने बताया कि पीएसटी स्थल पर अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सबसे पहले वेटिंग एरिया बनाया गया है। इसके अलावा बैग रखने के लिए मुफ्त बैगेज काउंटर, बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद बिब नंबर और पंजीकरण के बाद ट्रैकिंग चिप देने की व्यवस्था की गई है। अभ्यर्थियों को स्टार्टिंग पॉइंट से दौड़ शुरू करनी होगी और 12.5 किलोमीटर के पीएसटी ट्रैक पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार यू-टर्न लेकर दौड़ पूरी करनी होगी। अंतिम छोर पर एलईडी स्क्रीन लगाई गई है, जिस पर अभ्यर्थी अपनी दौड़ पूरी करने का समय देख सकेंगे। उन्होंने बताया कि एक से अधिक पदों के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों को पीएसटी में केवल एक बार ही भाग लेना होगा। प्रत्येक पद के लिए अलग-अलग दौड़ लगाने की आवश्यकता नहीं होगी। पीएसटी प्रक्रिया पूरी होने तक एक मेडिकल बोर्ड का गठन भी किया गया है। यदि किसी अभ्यर्थी को चिकित्सा आधार पर छूट प्राप्त करनी है तो इसके लिए आयोग के कार्यालय, पंचकूला में आवेदन देना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थी अपने साथ चिकित्सा और अन्य संबंधित दस्तावेज अवश्य लेकर आएं। उन्होंने बताया कि पीएसटी में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को हरियाणा रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा उपलब्ध होगी। करनाल बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन से भी मुफ्त बस सेवा मिलेगी। इसके लिए अभ्यर्थियों को अपना एडमिट कार्ड दिखाना होगा। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी एडमिट कार्ड पर दिए गए निर्देशों का पालन करें और उसमें दिए गए रिपोर्टिंग समय से पहले पीएसटी स्थल पर पहुंचें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो। किसी भी जानकारी या शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 079719-00047 पर सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।
इस अवसर पर एएसपी रविंद्र कुमार, करनाल के एसडीएम देवेंद्र शर्मा, डीएसपी सोनू, एचएसएससी के सदस्य एवं नोडल अधिकारी भूपिंदर चौहान तथा सदस्य कपिल भी मौजूद रहे।
