असंध/ करनाल, 23 सितम्बर: असंध विधायक योगेन्द्र राणा ने मंगलवार को असंध शहर के दुकानदारों से मुलाकात कर उन्हें त्यौहारी सीजन में जीएसटी पर छूट की बधाई दी। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह समस्त देशवासियों को बंपर सौगात दी है। इसकी शुरुआत नवरात्रों से हो गई है।
यह आत्मनिर्भर भारत अभियान की दिशा में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का एक और महत्वपूर्ण कदम है। प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में चल रही हरियाणा सरकार भी आम जनता तक इसके लाभ सुनिश्चित करेगी।
विधायक योगेन्द्र राणा ने कहा कि नए जीएसटी सुधारों और आयकर में छूट को मिलाकर देशवासियों को सालाना बड़ी बचत होगी। उन्होंने कहा, "एक राष्ट्र, एक टैक्स से देश आर्थिक तौर पर और मजबूत हुआ है।" पहले की चार जीएसटी दरों (5 प्रतिशत, 12 प्रतिशत, 18 प्रतिशत और 28 प्रतिशत) को घटाकर दो मुख्य दरें 5 प्रतिशत और 18 प्रतिशत कर दी गई हैं।
इस कदम से रोजमर्रा के इस्तेमाल की लगभग 99 प्रतिशत वस्तुएँ अब 5 प्रतिशत या उससे कम की जीएसटी दर के दायरे में आ गई हैं। इससे आम आदमी को काफी बचत होगी। इसके अलावा सरकार ने बजट में इस वर्ष 12 लाख रुपए तक की आय को टैक्स फ्री करके मध्यम वर्ग को आयकर में राहत का तोहफा दिया है।
स्वदेशी वस्तुओं का करें उपयोग:
विधायक योगेन्द्र राणा ने कहा कि देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग जरूरी है। प्रधानमंत्री भी इस बारे में लोगों से आह्वान कर चुके हैं। व हमें स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग और आत्मनिर्भरता को अपनाकर देश के विकास के अपना योगदान देना चाहिए।
विधायक योगेन्द्र राणा ने आम नागरिकों से आह्वान किया कि वे स्वदेशी उत्पादों को अपनाएं। उन्होंने कहा, "हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी – इससे हमारा देश आत्मनिर्भर बनेगा।" उन्होंने यह भी कहा कि इन सुधारों से उद्योगों और व्यापारियों के लिए कर प्रणाली और अधिक सरल हो जाएगी, जिससे उनके कारोबार में बढ़ोतरी होगी। यह अगली पीढ़ी का जीएसटी किसानों से लेकर उद्यमियों तक, परिवार से लेकर व्यवसाय तक खुशियां लेकर आया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य देश के हर वर्ग का विकास करना: विधायक योगेन्द्र राणा
