करनाल, 21 मार्च:- हरियाणा विधानसभा के स्पीकर हरविंदर कल्याण, हरियाणा के चुनाव आयुक्त देवेंद्र सिंह कल्याण तथा समर सिंह कल्याण की माता स्वर्गीय प्रेमकौर कल्याण का जीवन मानवीय मूल्यों, सेवा और सिख परंपराओं से ओतप्रोत रहा। समाजसेवा और सरल स्वभाव के लिए पहचानी जाने वाली प्रेमकौर कल्याण ने अपने बच्चों को आदर्श, संस्कार और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
स्वर्गीय प्रेमकौर कल्याण सिख परिवार से थीं और उनका विवाह उत्तर भारत के प्रतिष्ठित समाजवादी राजनीतिक परिवार में देवी सिंह कल्याण से हुआ था। जीवन भर उन्होंने अपने पति का हर मोर्चे पर साथ दिया। उनकी सूझ-बूझ और दृढ़ चरित्र का प्रभाव उनके सभी बच्चों पर स्पष्ट दिखाई देता है। आज हरविंदर कल्याण, देवेंद्र सिंह कल्याण और समर सिंह कल्याण जिस मुकाम पर हैं, उसके पीछे माता-पिता द्वारा दिए गए संस्कार और प्रेरणा ही प्रमुख आधार रहे हैं।
उनके निधन के उपरांत परिवार ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब की छाया में अखंड पाठ का आयोजन किया। प्रेमकौर कल्याण स्वयं गुरु मार्ग पर चलने वाली, सरल और अध्यात्मनिष्ठ महिला थीं।
परिवार को एक सूत्र में बाँधे रखने में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण रही। कल्याण परिवार क्षेत्र का सबसे बड़ा और प्रभावशाली परिवार माना जाता है। आधुनिक समय में जहाँ पारिवारिक मूल्य टूट रहे हैं, वहीं इस परिवार का एकजुट रहना प्रेमकौर कल्याण के मजबूत व्यक्तित्व और उनके द्वारा दिखाए मार्ग का परिणाम है। वह परिवार की धुरी और मार्गदर्शक दीपस्तंभ के समान थीं।
उनकी स्मृति में श्रद्धांजलि सभा रविवार को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक कल्याण फार्म हाउस में आयोजित की जाएगी। पिछले कई दिनों से उनके निवास स्थान पर हजारों लोग पहुँचकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर रहे हैं, जिनमें मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक, सांसद, उद्योगपति, धर्मगुरु, समाजसेवी और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित लोग शामिल हैं।
प्रेम कौर कल्याण जिनकी छाया में एकजुट रहा हरियाणा का सबसे बड़ा राजनीतिक परिवार
