पटियाला:- प्रतिमान साहित्यिक मंच, पटियाला द्वारा पंजाबी के प्रसिद्ध प्रवासी लेखक डॉ. प्रेम मान के साथ रूबरू और सम्मान समारोह ढिल्लों रेजिडेंसी, पटियाला में आयोजित किया गया। इस अवसर पर डॉ. अमरजीत कौंके द्वारा उनकी पुस्तक 'अज्ज धुप निघी नहीं' के हिंदी अनुवाद 'आज धूप गुनगुनी नहीं' का लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए डॉ. गुरविंदर अमन ने इसकी रूपरेखा के बारे में जानकारी दी और प्रतिमान साहित्यिक मंच के संचालक डॉ. अमरजीत कौंके को उपस्थित मेहमानों का स्वागत करने के लिए मंच पर आमंत्रित किया। डॉ. कौंके ने सभी का स्वागत करते हुए डॉ. प्रेम मान के बारे में बताया कि वह लंबे समय से कविता, कहानी और गद्य लेखन के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने प्रवासी जीवन से संबंधित अनेक कहानियां लिखी हैं। इन कहानियों की विषय-वस्तु और दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए डॉ. कौंके ने कहा कि प्रेम मान ने विदेश में जीवन से जुड़ी समस्याओं को अपनी कहानियों में बहुत खुले दिल और साहसिक तरीके से प्रस्तुत किया है। उन्होंने प्रेम मान के व्यक्तित्व पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।

संगरूर से आए लेखक तेजा सिंह तिलक ने कहा कि प्रेम मान केवल पंजाबी लेखक ही नहीं, बल्कि अमेरिका में अर्थशास्त्र के क्षेत्र में भी एक बड़ा नाम हैं। उन्होंने पुराने दिनों में अपने और प्रेम मान के संबंधों के बारे में भी चर्चा की। इसके बाद डॉ. पशविंदर कौर ने कहा कि प्रेम मान को अध्यापन के क्षेत्र में लंबा अनुभव है। उन्होंने अपने जीवन के अनुभवों से निकले निष्कर्षों को अपनी लेखनी में समेटकर पंजाबी पाठकों के सामने प्रस्तुत किया है। उन्होंने प्रेम मान द्वारा लिखे गए रेखाचित्रों में संतुलित दृष्टिकोण की भी चर्चा की।

पेरिस से आई लेखिका अंजू कैंथ ने कहा कि आमतौर पर लेखक के व्यक्तित्व और उसकी लेखनी में काफी अंतर होता है, लेकिन प्रेम मान के व्यक्तित्व और लेखन में एकरूपता देखने को मिलती है। डॉ. अमरजीत सिंह काव्य-शास्त्र ने कहा कि अधिकांश प्रवासी लेखक अपने प्रवास के अनुभवों को अपनी रचनाओं में प्रमाणिक रूप से प्रस्तुत नहीं करते, लेकिन प्रेम मान की रचनाएं प्रवासी अनुभवों को अपने भीतर समेटकर उन्हें प्रामाणिक रूप से अभिव्यक्त करती हैं।

बरनाला से आए कहानीकार परमजीत सिंह मान ने कहा कि डॉ. प्रेम मान अमेरिका में रहकर पंजाबी भाषा में जो साहित्य सृजन कर रहे हैं, वह बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रेम मान की कहानियों के कई पहलुओं पर भी चर्चा की। डॉ. रवि दित्त ने कहा कि भाषा और संस्कृति का कोई भौगोलिक क्षेत्र नहीं होता। प्रेम मान ने अमेरिका में रहते हुए वहां की भाषा और संस्कृति को अपनी रचनाओं में प्रस्तुत करके पंजाबी पाठकों को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की है।

इनके अलावा हरपाल सिंह पाल, आर.पी. सिंह, गगनदीप, राजविंदर कौर जटाणा, निर्मल सिंह आदि ने भी प्रेम मान के व्यक्तित्व और उनकी रचनाओं के बारे में अपने विचार साझा किए।

इसके बाद प्रसिद्ध लेखक किरपाल कजाक ने कहा कि प्रवासी लेखकों में अपनी विरासत से जुड़ाव अक्सर प्रवास में भी बना रहता है, लेकिन प्रेम मान ने इस परंपरागत ढर्रे को तोड़ा है। उनकी कहानियों में बोल्डनेस है, लेकिन अनावश्यक शोर नहीं। उनकी कहानियों में कहीं भी ढीलापन नहीं आता। उन्होंने कहा कि गद्य लिखने वाले लेखकों की भाषा में आमतौर पर पत्रकारिता का अंश आ जाता है, लेकिन प्रेम मान ने अपनी गद्य रचनाओं में पत्रकारिता के प्रभाव को प्रवेश करने से परहेज किया है। उन्होंने उनकी कहानियों में संयम की भी सराहना की।

किरपाल कजाक के बाद डॉ. नरिंदर सिंह कपूर ने चर्चा का समापन करते हुए कहा कि इस छोटी-सी बैठक में बहुत महत्वपूर्ण बातें हुई हैं। उन्होंने कहा कि लेखक जब तक लिखता रहता है, तब तक जीवित रहता है। उन्होंने डॉ. प्रेम मान की कहानियों में बोल्ड विषयों को बेहद सहजता से प्रस्तुत करने के लिए उनकी प्रशंसा की।

अंत में युवा शायर युवि युवराज ने उपस्थित मेहमानों का धन्यवाद किया। प्रतिमान साहित्यिक मंच के संचालक डॉ. अमरजीत कौंके और उनकी टीम ने डॉ. प्रेम मान को सुंदर फुलकारी और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. गुरविंदर अमन ने बहुत ही सुचारू ढंग से किया। कुल मिलाकर यह समारोह एक यादगार आयोजन साबित हुआ, जिसकी स्मृतियां लंबे समय तक सभी के मन में बनी रहेंगी।