हरोली/ऊना, 25 अक्टूबर (राजवीर चोपड़ा):- जिला पुलिस ऊना, हिमाचल प्रदेश ने नंगल कलां गांव में एक व्यक्ति के घर से 0.53 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद होने के मामले में 36 वर्षीय व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
दिनांक 25.10.2026 को मुख्य आरक्षी परमजीत सिंह (नं. 72) के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और अपराध रोकथाम ड्यूटी पर तैनात थी। गश्त के दौरान टाहलीवाल क्षेत्र में पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि अच्छर सिंह पुत्र जोगिंदर पाल, निवासी वार्ड नं. 5, गांव व डाकघर नंगल कलां, तहसील हरोली, अपने घर में हेरोइन/चिट्टा रखकर बेचने का अवैध धंधा करता है।
तलाशी के दौरान आरोपी के कमरे में बिस्तर पर रखे गद्दे के नीचे छिपाकर रखी गई एक पारदर्शी पॉलीथिन से 0.53 ग्राम सफेद पाउडरनुमा मादक पदार्थ, हेरोइन/चिट्टा, बरामद हुआ। निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए बरामद पदार्थ को सील कर पुलिस कब्जे में ले लिया गया।
आरोपी अच्छर सिंह के विरुद्ध पुलिस थाना टाहलीवाल में मादक द्रव्य अधिनियम (ND&PS Act) की धारा 21, 61 और 85 के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
