गुरदासपुर:- पुलिस ट्रेनिंग सेंटर, जहानखेलां में प्रशिक्षण ले रहे एक हेड कांस्टेबल की घर लौटते समय संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने पुलिसकर्मी को गोली मार दी।
जानकारी के अनुसार, विनोद कुमार (40) नामक हेड कांस्टेबल पदोन्नति के बाद पुलिस ट्रेनिंग सेंटर, जहानखेलां में प्रशिक्षण ले रहा था और सुजानपुर में तैनात था। संगरूर में ड्यूटी करने के बाद वह गुरदासपुर के नजदीकी गांव कृष्णा नगर स्थित अपने घर लौट रहा था। रविवार रात करीब 9:15 बजे उसने अपने भाई को फोन कर बताया कि वह पुराना शाला के पास पहुंच गया है और 15 मिनट बाद उसे बाईपास पर आकर ले जाए।
जब उसका भाई बस स्टैंड पहुंचा तो विनोद का कोई पता नहीं चला और वह फोन भी नहीं उठा रहा था। कुछ देर बाद उसका शव बस स्टैंड से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर बाईपास पर मिला। परिजनों के अनुसार, जब विनोद का शव मिला तो उसका सामान भी उसके पास नहीं था। इससे आशंका जताई जा रही है कि लूटपाट के इरादे से उसकी हत्या की गई।
परिवार के अनुसार, उसकी कनपटी पर मौजूद घाव गोली लगने के प्रतीत होते हैं, लेकिन इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम के बाद ही होगी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। विनोद कुमार दो छोटे बच्चों का पिता था, जिनमें से एक की उम्र आठ वर्ष और दूसरे की पांच वर्ष बताई जा रही है।
