हांसी (दिनकर गावड़ी):- आगामी त्योहारों को देखते हुए हांसी पुलिस ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। पुलिस अधीक्षक हांसी विनोद कुमार के निर्देश पर पुलिसकर्मी लगातार गश्त कर रहे हैं, ताकि त्योहारों के दौरान शांति बनी रहे और किसी भी तरह की आपराधिक घटना को रोका जा सके।

त्योहारों के दौरान लोगों की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने बाजारों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी है। रात के समय पैदल गश्त के साथ-साथ राइडर, पीसीआर, एसएचओ मोबाइल और ईआरवी की गश्त भी बढ़ाई गई है। पुलिसकर्मी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रहे हैं।

जिले में अलग-अलग स्थानों पर नाके लगाकर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है। पुलिसकर्मी वाहन चालकों से पूछताछ भी कर रहे हैं। इसके अलावा असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए महिला पुलिस कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है।

एसपी विनोद कुमार ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपनी ड्यूटी पूरी सतर्कता के साथ करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई करें। पुलिस द्वारा चोरी, छीना-झपटी और अन्य आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

हांसी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि त्योहारों के दौरान शांति बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वाहन को देखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। लोग अपने घरों और दुकानों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में पुलिस की मदद लें।