होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- पंजाब सरकार के भ्रष्टाचार विरोधी अभियान के तहत विजिलेंस ब्यूरो द्वारा 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक मनाए जा रहे विजिलेंस जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत रयात बाहरा प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, होशियारपुर में जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया। इस दौरान विजिलेंस ब्यूरो यूनिट होशियारपुर के डीएसपी मनदीप सिंह सेखों ने अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को भ्रष्टाचार के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करते हुए ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
सेमिनार में रयात बाहरा प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर चंद्र मोहन, आरटीए अमनदीप कौर, तहसीलदार मनदीप सिंह, जीआरएस कुंतक पाठक और बीडीपीओ कार्यालय होशियारपुर से जीआरएस चरणजीत सिंह ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के अलावा यूनिवर्सिटी के स्टाफ सदस्यों तथा लगभग 200 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
सेमिनार को संबोधित करते हुए डीएसपी मनदीप सिंह सेखों ने कहा कि स्वच्छ, पारदर्शी और खुशहाल समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट होकर काम करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने सभी को भ्रष्टाचार रोकने और ईमानदारी से काम करने की शपथ भी दिलाई।
उन्होंने विजिलेंस ब्यूरो की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी काम को करने के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इस संबंध में विजिलेंस ब्यूरो के पास शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे रिश्वतखोरी के मामलों को सामने लाने में सहयोग करें, ताकि भ्रष्टाचार में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की जा सके।
मनदीप सिंह सेखों ने बताया कि भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत दर्ज करवाने के लिए विजिलेंस ब्यूरो के टोल-फ्री नंबर 1800-1800-1000, एंटी करप्शन एक्शन लाइन नंबर 95012-00200 और वेबसाइट www.vigilancebureau.punjab.gov.in का उपयोग किया जा सकता है।
इस अवसर पर लोगों को विजिलेंस ब्यूरो के टोल-फ्री नंबर, एंटी करप्शन हेल्पलाइन और संबंधित विजिलेंस अधिकारियों के संपर्क नंबरों की जानकारी देने वाले पैंफलेट भी वितरित किए गए, ताकि आम नागरिक जरूरत पड़ने पर आसानी से शिकायत दर्ज करवा सकें।
सेमिनार के अंत में मनदीप सिंह सेखों ने सभी से भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूक रहने, ईमानदारी को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने और बेहतर एवं खुशहाल समाज के निर्माण के लिए विजिलेंस ब्यूरो का सहयोग करने की अपील की।
