जीरकपुर (साहिबजादा अजीत सिंह नगर) 15 अप्रैल, 2025: लोगों को अच्छी शिक्षा और अच्छा स्वास्थ्य प्रदान करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई सीएम योगशाला पंजाब के हर जिले में चल रही है, जहां लोग सीएम योगशाला में योग प्रशिक्षकों द्वारा करवाए जा रहे रोजाना योग अभ्यास से आरामदायक जीवन का आनंद ले रहे हैं।
यह जानकारी देते हुए एसडीएम डेराबस्सी अमित गुप्ता ने बताया कि जीरकपुर और डेराबस्सी में विभिन्न स्थानों पर सीएम योगशाला के तहत निशुल्क योग कक्षाएं चलाई जा रही हैं, जिसमें बच्चे, बुजुर्ग और युवा सभी वर्ग के योग साधक भाग ले रहे हैं।
अमित गुप्ता ने बताया कि एक्सपर्ट योग ट्रेनर प्रीति ढकोली, जीरकपुर में रोजाना 4 योग कक्षाएं संचालित कर रही हैं, जो सुबह 6 बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे तक चलती हैं। पहली क्लास अलटोरा अपार्टमेंट, ढकोली, जीरकपुर में सुबह 6 से 7 बजे तक, दूसरी क्लास नगला गांव, गुग्गा मार्डी, ढकोली, जीरकपुर में सुबह 10 से 11 बजे तक, तीसरी क्लास नगला गांव गुरुद्वारा में दोपहर 11 से 12 बजे तक और चौथी क्लास गुलमोहर एवेन्यू सोसायटी, ढकोली, जीरकपुर में शाम 5 से 6 बजे तक लगती है।
ट्रेनर प्रीति ने बताया कि ढकोली, जीरकपुर में रोजाना लगने वाली योग कक्षाओं में प्रतिभागियों की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। इस अवसर पर उनके द्वारा लगाई जा रही योगशालाओं में करीब 78 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं, जो योग के माध्यम से निरंतर योगाभ्यास कर स्वस्थ स्वास्थ्य और तनाव मुक्त जीवन का आनंद ले रहे हैं।
प्रशिक्षक प्रीति के अनुसार कक्षाओं में आने वाले प्रतिभागियों को शरीर को स्वस्थ रखने के लिए आवश्यक योग आसन करवाए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि योग साधना के माध्यम से उन्हें पुरानी मानसिक व शारीरिक बीमारियों से छुटकारा मिला है तथा शरीर में आलस्य की जगह चुस्ती-फुर्ती ने ले ली है। उन्होंने बताया कि योग शिविर में प्रतिभागियों को रोजाना कुछ योग आसनों के अलावा उनकी शारीरिक जरूरत के अनुसार विशेष आसन करवाए जाते हैं।
प्रशिक्षक ने बताया कि लोग इन सत्रों के लिए वेबसाइट cmdiyogshala.punjab.gov.in के साथ-साथ हेल्पलाइन नंबर 76694-00500 पर संपर्क कर पंजीकरण करवा सकते हैं। कोई भी क्षेत्र जहां कम से कम 25 प्रतिभागी हों, वह अपनी नई कक्षा/सत्र शुरू करने के लिए व्हाट्सएप नंबर पर कॉल/संदेश भेज सकता है। योग कक्षाओं के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाता है।
मुख्यमंत्री योगशाला से लोगों को मिल रहा है स्वस्थ जीवन का लाभ - एसडीएम अमित गुप्ता
