नवांशहर, 17 नवंबर (जतिंदर पाल सिंह कलेर):- पंजाब सरकार के वित्त विभाग (खजाना एवं लेखा शाखा) द्वारा राज्य के पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों की सुविधा के लिए 19, 20 और 21 नवंबर 2026 को पंजाब के सभी जिला खजाना कार्यालयों में विशेष ‘पेंशनर सेवा मेले’ आयोजित किए जा रहे हैं।

जिला खजाना अधिकारी जतिंदर कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार द्वारा पेंशनरों की सुविधा के लिए शुरू किए गए ‘पेंशन सेवा पोर्टल’ के बारे में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से ये शिविर लगाए जा रहे हैं। इस पोर्टल पर मासिक पेंशन लेखांकन, ई-पीपीओ, शिकायत निवारण और जीवन प्रमाण पत्र के एकीकरण जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि ये शिविर जिला खजाना कार्यालय नवांशहर तथा उप-खजाना कार्यालय बंगा और बलाचौर में 19, 20 और 21 नवंबर 2026 को लगाए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि सभी पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों के लिए 31 दिसंबर 2026 तक जीवन प्रमाण पोर्टल के माध्यम से अपना डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अपलोड करने के साथ-साथ ई-केवाईसी करवाना अनिवार्य है। इस लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए इन मेलों के दौरान खजाना कार्यालयों के अधिकारी और कर्मचारी तथा पेंशन वितरित करने वाले बैंकों के प्रतिनिधि लैपटॉप और बायोमेट्रिक मशीनों सहित मौजूद रहेंगे, ताकि पेंशनरों की ई-केवाईसी और डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट की प्रक्रिया मौके पर ही पूरी की जा सके।

सभी पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों से अपील की गई है कि वे 19, 20 या 21 नवंबर को अपने संबंधित खजाना कार्यालय में पहुंचकर इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपनी ई-केवाईसी तथा जीवन प्रमाण पत्र की प्रक्रिया पूरी करवाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन पेंशनरों की ई-केवाईसी पहले ही हो चुकी है, उन्हें दोबारा ई-केवाईसी करवाने की आवश्यकता नहीं है।