पटियाला, 24 अक्टूबर (परमजीत सिंह परवाना):- शहर की होनहार युवा कवयित्री नंदिका ने अपनी पहली काव्य-पुस्तक “Things That Make Life Worth Remembering: A Book of Poetry” के माध्यम से साहित्य के क्षेत्र में कदम रखा है। यह पुस्तक जीवन की खूबसूरत यादों, सपनों, संघर्ष, कृतज्ञता और रिश्तों के महत्व को बयां करती है। नंदिका इस समय दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), पटियाला में ग्यारहवीं कक्षा की नॉन-मेडिकल की छात्रा है। परिवार में पहले कोई साहित्यिक पृष्ठभूमि न होने के बावजूद, उसने अपनी सोच, रोजमर्रा की घटनाओं को बारीकी से देखने की कला और लेखन के शौक के बल पर अपनी अलग पहचान बनाई है। पुस्तक में कुल 23 कविताएं शामिल हैं, जिन्हें नंदिका ने अपने परिवार के सदस्यों, शिक्षकों और जीवन में प्रेरणा देने वाली हस्तियों को समर्पित किया है। नंदिका के पिता इंजीनियर गगन चोपड़ा पीएसपीसीएल में डिप्टी चीफ इंजीनियर/आईटी के रूप में सेवाएं दे रहे हैं, जबकि उनकी माता वंदना सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, भादसों में रसायन विज्ञान की लेक्चरर हैं।
यह पुस्तक नेक्स्ट टॉपर के दिगराज सर को समर्पित की गई है, जो विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। पुस्तक के प्रकाशन के सफर में डॉ. कुलदीप सिंह के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन का भी विशेष योगदान रहा है। इस अवसर पर अपनी खुशी साझा करते हुए नंदिका के परिवार ने कहा कि यह पुस्तक केवल रचनात्मक अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि युवा पीढ़ी के लिए एक प्रेरणादायक संदेश भी है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नंदिका की कविताएं पाठकों को निडर होकर सपने देखने, अपने आसपास के लोगों की कद्र करने और अच्छे परिणामों के लिए धैर्य रखने की प्रेरणा देंगी।
