होशियारपुर/दलजीत अजनोहा:- सारागढ़ी फाउंडेशन (1987) के समझौते के अनुसार, ब्रिटिश आर्मी का चार सदस्यीय दल 12 नवंबर को अमृतसर पहुंचेगा, जिसका नेतृत्व मेजर जनरल जॉन केंडल करेंगे।

इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए संस्था के अध्यक्ष डॉ. गुरिंदरपाल सिंह जोसन ने बताया कि उनकी फाउंडेशन और ब्रिटिश आर्मी के बीच 2011 से सहयोग जारी है। इस सहयोग के माध्यम से संस्था विश्व प्रसिद्ध सारागढ़ी युद्ध के बारे में पूरी दुनिया को जागरूक करने का प्रयास कर रही है।

आर्मी दल 13 नवंबर की सुबह श्री दरबार साहिब, अमृतसर में दर्शन करने के बाद सारागढ़ी मेमोरियल और गोल्डन गेट पहुंचेगा। वहां शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद संत-सिपाही एलीट कॉन्वेंट स्कूल, जंडियाला गुरु में आयोजित सारागढ़ी समागम के दौरान शहीदी गाथा की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि बताई जाएगी।

संस्था के प्रधान ब्रिगेडियर जतिंदर सिंह अरोड़ा ने बताया कि अमृतसर में आयोजित कार्यक्रमों के बाद ब्रिटिश दल चंडीगढ़ में होने वाले 10वें मिलिट्री लिटरेचर फेस्टिवल में भाग लेगा।

डॉ. जोसन के अनुसार, ब्रिटिश आर्मी की फील्ड फोर्स के वर्तमान डिप्टी कमांडर मेजर जनरल जॉन केंडल 14 नवंबर को चंडीगढ़ में यूक्रेन-रूस युद्ध से संबंधित पैनल विचार-गोष्ठी में महत्वपूर्ण जानकारी साझा करेंगे।