हरियाणा/पंचकूला (दिनकर गावड़ी):- जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने हरियाणा में धान घोटाले और बिगड़ती कानून-व्यवस्था के आरोपों को दोहराते हुए प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है।
दुष्यंत चौटाला ने सवाल उठाया कि कुरुक्षेत्र के जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक ने किन परिस्थितियों और कारणों के चलते इस्तीफा दिया।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की खराब नीतियों के कारण देश के आम नागरिकों को महंगाई की मार झेलनी पड़ रही है। महंगाई सुरसा के मुंह की तरह लगातार बढ़ रही है और देश की अर्थव्यवस्था डगमगा चुकी है। प्रदेश की जर्जर कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पंजाब के चक्कर में प्रदेश के हितों की बलि न दें। उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के माध्यम से देश के करोड़ों नागरिकों को मतदान के अधिकार से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि सुप्रीम कोर्ट इस विषय का गंभीरता से संज्ञान ले। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के प्रति प्रदेश के लोगों में आक्रोश है।
वह अंबेडकर भवन, सेक्टर 12-ए, पंचकूला में जिले के पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में शामिल होने पहुंचे थे। उन्होंने पंचकूला के सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे छह दिसंबर को अधिक से अधिक संख्या में महेंद्रगढ़ पहुंचें।
वहीं, जेजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सभी घर-घर जाकर महेंद्रगढ़ रैली का निमंत्रण दें और लोगों को जेजेपी की जनहितैषी नीतियों से अवगत करवाएं। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत से जेजेपी महेंद्रगढ़ में ऐतिहासिक रैली करेगी।
जिला अध्यक्ष ओपी सिहाग ने जिले की ओर से सभी नेताओं का स्वागत करते हुए उन्हें विश्वास दिलाया कि छह दिसंबर को पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर पंचकूला से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता महेंद्रगढ़ पहुंचेंगे। इस अवसर पर पंचकूला जिला प्रभारी जगबीर मलिक, महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश प्रभारी डॉ. किरन पूनिया, राष्ट्रीय कार्यालय सचिव धर्मवीर सिहाग, प्रदेश उपाध्यक्ष केसी भारद्वाज, प्रदेश एससी प्रकोष्ठ के महासचिव मुकेश वाल्मीकि, कालका हलका प्रधान मयंक लांबा, पंचकूला हलका प्रधान राजेश निषाद, महिला अध्यक्ष सुदेश पंवार और युवा अध्यक्ष दीपक मोगीनंद ने भी लोगों को संबोधित किया।
जिला प्रवक्ता सुरेश पाठक ने मंच संचालन किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रणधीर सिंह, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य तेज सिंह तेवतिया, सुरेंद्र चड्डा, हरबंस सिंगला, नरिंदर जैन, अशोक सिंगला, गुरदेव सिंह, हीरामन वर्मा, आजाद दिलेर, महाबीर जांगिड़, जयकरण सरोहा, विवेक सांगा, राजेंद्र भूकल, विजय पांचाल, निम्मी सोनकर, विकास मलिक, कर्म सिंह चहल, गौतम कुमार, मनीष गुर्जर सहित सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
