हरोली/ऊना 24 सितंबर (राजवीर चोपड़ा):- प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय हरोली में आज एनएसएस दिवस उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की एनएसएस इकाई द्वारा किया गया, जिसमें स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रचार्य डॉ राजेंद्र कुमार के करकमलों से पौधा रोपण करवाकर किया गया।NSS प्रभारी डॉ शकुंतला राणा ने प्राचार्य जी का स्वागत सत्कार किया।

कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों द्वारा पोस्टर प्रतियोगिता, जागरूकता गतिविधियों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से समाजसेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा नशामुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संदेश दिया गया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र कुमार ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने एनएसएस स्वयंसेवकों को समाजसेवा के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व, सहयोग एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न देकर प्रोत्साहित किया गया तथा एनएसएस की सामाजिक सरोकारों में भूमिका को रेखांकित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के लिए जागरूक करना रहा।