दिड़बा, 16 नवंबर:- पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने दिड़बा विधानसभा क्षेत्र के गांव ढंडियाल पहुंचकर ढंडियाल से चुनागरा तक बन रही सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर प्रीमिक्स डालने का काम देखा और कहा कि सड़कों के निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि लगभग दो किलोमीटर लंबी यह सड़क 1 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से बनाई जा रही है।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि वह गांवों में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति और इस्तेमाल की जा रही सामग्री का निरीक्षण करने के लिए स्वयं मौके पर पहुंच रहे हैं। उन्होंने सरपंचों और गांववासियों से अपील की कि वे अपने गांवों में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों पर नजर रखें। यदि कहीं घटिया सामग्री का इस्तेमाल होता है या काम में कोई कमी दिखाई देती है, तो तुरंत संबंधित विभाग को सूचित किया जाए। उन्होंने कहा कि लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार व्यक्ति या अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

चीमा ने बताया कि ढंडियाल और आसपास के गांवों की सड़क संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई सड़कों पर काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि ढंडियाल से शादीहरी तक सड़क के निर्माण पर 1 करोड़ 36 लाख रुपये, रायधराना से ढंडियाल तक सड़क पर 3 करोड़ 78 लाख रुपये, ढंडियाल से हरियाऊ तक सड़क पर 1 करोड़ 88 लाख रुपये और ढंडियाल से निहालगढ़ तक सड़क पर 3 करोड़ 75 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन सड़कों से गांवों के बीच आवागमन आसान होगा।

वित्त मंत्री ने कहा कि दिड़बा विधानसभा क्षेत्र में 76 कच्चे रास्तों को पक्की सड़कों में बदलकर गांवों के बीच संपर्क व्यवस्था मजबूत की गई है। उन्होंने बताया कि राज्य में लगभग 45 हजार किलोमीटर नई सड़कें बनाई गई हैं और मौजूदा सड़कों को अपग्रेड करने का काम भी किया जा रहा है।

ढंडियाल में हुए अन्य विकास कार्यों का जिक्र करते हुए चीमा ने बताया कि गांव की गलियों और नालियों के निर्माण पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं तथा स्कूल की इमारत को भी अपग्रेड किया गया है।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने 'शिक्षा क्रांति' के तहत सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे में सुधार किया है। उन्होंने बताया कि हर तीसरे गांव में बड़ा स्टेडियम बनाने की पहल युवाओं को खेलों से जोड़ने और उन्हें नशे से दूर रखने के उद्देश्य से की गई है।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में गांववासी उपस्थित थे।