डेराबस्सी, 4 अक्तूबर (संजीव सिंह सैनी):- ढकोली-डेराबस्सी मार्ग के तहत मुबारिकपुर में घग्गर नदी पर मौजूदा काजवे की जगह नए हाई लेवल पुल के निर्माण का काम सोमवार को शुरू होगा। इस परियोजना का नींव पत्थर हलका विधायक कुलजीत सिंह रंधावा द्वारा रखा जाएगा। करीब 29.44 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह पुल लगभग 300 मीटर लंबा होगा और इसका निर्माण 18 महीने की अवधि में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

विधायक रंधावा के अनुसार इस पुल के निर्माण के लिए वह पिछले तीन वर्षों से विधानसभा में लगातार आवाज उठाते आ रहे थे। उन्होंने कहा कि मौजूदा काजवे की हालत काफी जर्जर हो चुकी है और इस समय यहां से केवल हल्के वाहनों की आवाजाही ही हो रही है।

नए हाई लेवल पुल के बनने से रोजाना आने-जाने वाले हजारों लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। इसके अलावा क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने और मालवाहक वाहनों की आवाजाही सुचारू होने की उम्मीद है। विधायक ने बताया कि इस परियोजना से आसपास के करीब ढाई लाख लोगों को सड़क यातायात में लाभ मिलेगा।

नींव पत्थर समारोह के बाद विधायक रंधावा जनसभा को भी संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि नया पुल क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।