करनाल, 20 मार्च:- गांव सोहाना के समीप करनाल रिंग रोड पर सर्विस लेन निर्माण की मांग को लेकर किसानों का धरना लगातार जारी है। शुक्रवार को यह आंदोलन 43 वें दिन में प्रवेश कर गया है। प्रतिकूल मौसम व तेज बारिश और तूफ़ान भी किसानों के हौसले को डिगा नहीं सका है। इस दौरान आंदोलित किसानों ने जमकर प्रशासन व सरकार विरोधी व किसान एकता जिंदाबाद के नारे लगा कर अपनी आवाज को बुलंद किया। आंदोलित किसानों ने साफ तौर पर कहा कि जब तक सर्विस लेन का निर्माण कार्य शुरू नहीं होता। तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
भाकियू जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह घुम्मन, महासचिव सुरेंद्र बेनीवाल, चेयरमैन यशपाल राणा, जिला चेयरमैन साहब सिंह बाजवा आंदोलित किसानों के साथ डटे रहे। किसान नेताओं ने एक स्वर में कहा कि जब तक किसानों की मांग पूरी नहीं होती तब तक इसी तरह किसानों के साथ डटे रहेंगे।
भारतीय किसान यूनियन (भा कि यू) के बैनर तले चल रहे इस धरने की शुक्रवार को अध्यक्षता किसान नेता धीरा सांगवान ने की। बड़ी संख्या में किसान धरनास्थल पर मौजूद रहे। आंदोलित किसानों ने प्रशासन पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले उनकी मांग को लेकर लिखित आश्वासन दिया गया था। लेकिन अब उस पर अमल नहीं किया जा रहा है। जिसके चलते उन्हें आंदोलन करना पड़ रहा है।
किसान नेता सुरेन्द्र सांगवान ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि सर्विस लेन का निर्माण आसपास के गांवों के किसानों और आम लोगों के लिए बेहद जरूरी है। ताकि उनकी आवाजाही सुगम हो सके। इसके बावजूद प्रशासन लगातार इस मुद्दे को टाल रहा है। जिससे किसानों में रोष बढ़ता जा रहा है। जल्द ही इस धरने को पक्का मोर्चा का रूप दिया जाएगा।
भाकियू जिला प्रवक्ता सुरेंद्र सांगवान ने कहा कि किसान शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग रख रहे हैं। लेकिन प्रशासन की अनदेखी के कारण आंदोलन तेज होने की स्थिति बन रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
किसानों ने दोहराया कि यह संघर्ष केवल सर्विस लेन तक सीमित नहीं है। बल्कि यह उनके अधिकारों और क्षेत्र के विकास से जुड़ा हुआ है। जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, वे पीछे हटने वाले नहीं हैं।
ये रहे मौजूद:
बाबूराम शर्मा, राजेश बेनीवाल, अनिल शर्मा, राजू सांगवान, भाना शर्मा, श्रीचंद कश्यप, संजीव कश्यप, चंद्रभान राणा सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
