चंडीगढ़:- ब्राह्मण समाज वेलफेयर पंजाब के राज्य प्रधान और पूर्व चेयरमैन ब्राह्मण भलाई बोर्ड पंजाब, एडवोकेट हरिंदर शर्मा कौरजीवाला ने केंद्र सरकार से मांग की है कि नीट पेपर लीक मामले की सच्चाई जनता के सामने लाई जाए।
उन्होंने मांग की कि नीट पेपर लीक से संबंधित लोगों पर फास्ट ट्रैक अदालतों में केस चलाकर उन्हें सख्त से सख्त सजा दी जाए और उनकी संपत्तियों को जब्त किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पेपर लीक होना देश के लाखों विद्यार्थियों और उनके परिवारों के साथ बहुत बड़ा धोखा है। ऐसी घटनाएं विद्यार्थियों और उनके माता-पिता के सपनों को जोरदार झटका देती हैं।
यूथ विंग के प्रधान पीयूष दवेसर ने कहा कि इस घोटाले ने देश के लाखों होनहार और मेहनती युवाओं के भविष्य को अंधेरे में धकेल दिया है। दिन-रात मेहनत करने वाले विद्यार्थियों के साथ यह बहुत बड़ा अन्याय है। उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच करवाई जाए ताकि दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिले।
ब्राह्मण समाज वेलफेयर फ्रंट के राज्य प्रधान ने पंजाब के सभी ब्राह्मण समाजों और सभाओं से अपील की कि वे इस मामले में एकजुट हों और इस नीट पेपर लीक घोटाले के विरोध में उक्त मांगों को मनवाने के लिए रोष प्रदर्शन करें।
नीट पेपर लीक मामला ब्राह्मण समाज वेलफेयर पंजाब ने उच्च स्तरीय जांच और दोषियों के लिए सख्त सजा की मांग की
