संतोषगढ़/ऊना, 7 जून (राजवीर चोपड़ा):- यूनाइटेड प्रेस क्लब (जर्नलिस्ट वेलफेयर ट्रस्ट) ने पत्रकार नवीन महे को जिला ऊना, का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस संबंध में संगठन द्वारा आधिकारिक नियुक्ति पत्र जारी किया गया है। यूनाइटेड प्रेस क्लब के राष्ट्रीय अध्यक्ष अर्शदीप सिंह समर तथा हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष मोहित प्रेम शर्मा द्वारा यह नियुक्ति पत्र जारी किया गया। मोहित प्रेम शर्मा ने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में नवीन महे के लंबे अनुभव, जनकल्याण के प्रति समर्पण तथा सामाजिक एवं मीडिया से जुड़े मुद्दों पर उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
 उन्होंने बताया कि यूनाइटेड प्रेस क्लब एक राष्ट्रीय स्तर का पत्रकार संगठन है, जो देश के विभिन्न राज्यों में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है तथा पत्रकारों के हितों, अधिकारों, सुरक्षा और कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है। नियुक्ति पत्र में संगठन ने विश्वास जताया है कि नवीन महे के नेतृत्व में जिला ऊना में यूनाइटेड प्रेस क्लब और अधिक मजबूत होगा तथा पत्रकारों के हितों, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करेगा। संगठन ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मीडिया और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उन्हें इस पद के लिए उपयुक्त बनाती है।
नियुक्ति के बाद नवीन महे ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के हितों की रक्षा, उनके कल्याण और संगठन को मजबूत बनाने के लिए वे सभी साथियों को साथ लेकर कार्य करेंगे। साथ ही उन्होंने जिला ऊना में संगठन का विस्तार कर अधिक से अधिक पत्रकारों को एक मंच पर जोड़ने का संकल्प भी व्यक्त किया।
 यूनाइटेड प्रेस क्लब परिवार ने नवीन महे को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की है। संगठन ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में जिला ऊना में पत्रकारों की आवाज को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा संगठन की गतिविधियों को नई दिशा प्राप्त होगी।