चंडीगढ़, 22 नवंबर:- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ‘हरियाणा उदय’ कार्यक्रम के तहत सिरसा जिले के कालांवाली में आयोजित विशाल ‘नशा मुक्त हरियाणा’ मैराथन की 5 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 21 किलोमीटर दौड़ों के विजेताओं को सम्मानित किया तथा युवाओं को खेलों और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर मीडिया को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य हरियाणा को नशामुक्त बनाना है। नशा तस्करों को कड़ी चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि किसी को भी हमारी युवा पीढ़ी को नशे के दलदल में धकेलने का अधिकार नहीं है। ऐसे समाज विरोधी तत्व या तो नशे का कारोबार छोड़ दें या हरियाणा छोड़ दें, अन्यथा सरकार उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने बताया कि सरकार की सख्त नीतियों के तहत अब तक नशे के कारोबारियों की लगभग 94 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।


**नशा मुक्ति केंद्रों और स्वयं सहायता समूहों की सराहना**

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों, सिविल अस्पतालों और नशा मुक्ति केंद्रों के माध्यम से लाखों युवाओं को नशे के चंगुल से बाहर निकालकर मुख्यधारा से जोड़ा गया है। उन्होंने माताओं और बहनों की सराहना करते हुए कहा कि वे स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर अपने परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत बना रही हैं। इस दौरान स्थानीय महिलाओं द्वारा मुख्यमंत्री को दही खिलाने पर उन्होंने इसे हरियाणा की गौरवशाली ‘दूध-दही का खाना’ परंपरा से जोड़ते हुए युवाओं से नशे के बजाय पौष्टिक भोजन अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने माता-पिता से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को समय दें और यदि कोई बच्चा गलत संगत में पड़ जाए तो उससे दूरी बनाने के बजाय उसका दोस्त बनकर उसे नशे की आदत से बाहर निकालने में मदद करें।


**सिरसा के किन्नू को जीआई टैग मिलने पर किसानों को दी बधाई**

कृषि क्षेत्र का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने सिरसा के किन्नू को जीआई टैग मिलने पर किसानों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि किन्नू प्रसंस्करण संयंत्र पर भी तेजी से काम चल रहा है। इसके साथ ही, इस बार बंपर फसल और अच्छे दाम मिलने पर किसानों ने भी हरियाणा सरकार का धन्यवाद किया है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी द्वारा दिखाए गए सब्जबाग मजाक बनकर रह गए हैं और पांच साल तक केवल मजाक ही चलता रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में नशों पर रोक लगाने के लिए कोई प्रयास नहीं किया गया और वहां डर का ऐसा माहौल है कि यदि कोई मां या अन्य व्यक्ति शिकायत करने जाता है तो शिकायत लिखने के बजाय उसी के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने अपनी सूची जल्दी इसलिए जारी की, ताकि उसके उम्मीदवार इधर-उधर न हो जाएं या भाग न जाएं।


मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के किसानों, युवाओं, बहनों, व्यापारियों और उद्योगों में कोई कमी नहीं है, बल्कि कमी पंजाब सरकार की राजनीतिक इच्छाशक्ति और नीयत में है। उन्होंने विश्वास जताया कि पंजाब के लोग मजाक करने, भ्रष्टाचार करने, नशे फैलाने और झूठे वादे करने वाली सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएंगे। लोगों के सहयोग से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने में हरियाणा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और ‘ग्रोथ इंजन’ के रूप में काम करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब में डबल इंजन की सरकार बनेगी।