करनाल, 16 नवंबर (प्रवीण वालिया):- कुरुक्षेत्र के लोकप्रिय सांसद एवं देश के प्रसिद्ध उद्योगपति श्री नवीन जिंदल और करनाल के विधायक श्री जगमोहन आनंद ने करनाल स्थित राष्ट्रीय डेरी अनुसंधान संस्थान (एनडीआरआई) का दौरा किया।

दौरे के दौरान श्री नवीन जिंदल एवं श्री जगमोहन आनंद ने संस्थान के निदेशक डॉ. धीर सिंह, वैज्ञानिकों तथा वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत संवाद किया। इस दौरान उन्होंने संस्थान द्वारा डेरी क्षेत्र में किए जा रहे महत्वपूर्ण अनुसंधान, नवाचार, आधुनिक तकनीकों, पशुपालन को बढ़ावा देने के प्रयासों एवं विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

बैठक में डेरी क्षेत्र में वैज्ञानिक अनुसंधान की भूमिका, नई तकनीकों के उपयोग तथा इनके माध्यम से किसानों एवं पशुपालकों को लाभ पहुंचाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।

इस अवसर पर सांसद श्री नवीन जिंदल ने संस्थान की वैज्ञानिक उपलब्धियों एवं अनुसंधान कार्यों में गहरी रुचि दिखाई। वहीं विधायक श्री जगमोहन आनंद ने कहा कि राष्ट्रीय डेरी अनुसंधान संस्थान करनाल ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का केंद्र है। संस्थान के वैज्ञानिकों द्वारा किए जा रहे अनुसंधान एवं नवाचार देश के डेरी क्षेत्र को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

यह संवाद ज्ञान, अनुभव और विकास के नए विचारों को साझा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर रहा।