हरोली/ऊना, 5 अक्तूबर (राजवीर चोपड़ा):- प्रयास सोसायटी द्वारा संचालित सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को घर-द्वार के नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इसी कड़ी में हरोली क्षेत्र की ग्राम पंचायत गोन्दपुर बुल्ला में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में 80 मरीजों की स्वास्थ्य जांच (ओपीडी) की गई, जबकि 43 लोगों के विभिन्न स्वास्थ्य टेस्ट किए गए। स्वास्थ्य टीम ने मरीजों की स्वास्थ्य समस्याओं को सुना, आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया तथा जरूरतमंद लोगों को दवाइयां भी उपलब्ध करवाईं।
घर पर ही मिल रही स्वास्थ्य जांच की सुविधा
सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा के तहत चलने-फिरने में असमर्थ और घर से बाहर जाकर स्वास्थ्य जांच करवाने में कठिनाई महसूस करने वाले लोगों के घर पहुंचकर लगातार स्वास्थ्य जांच की जा रही है। आशा वर्कर और आंगनवाड़ी वर्कर के सहयोग से टीम ऐसे जरूरतमंद लोगों तक पहुंच रही है। घर पर ही स्वास्थ्य की जानकारी लेने के साथ आवश्यक जांच, चिकित्सकीय परामर्श और जरूरत के अनुसार दवाइयां उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
स्वास्थ्य टीम ने ग्रामीणों को बीपी, शुगर और सामान्य बीमारियों के प्रति जागरूक करते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार और समय पर उपचार लेने के महत्व की जानकारी दी।
शिविर में डॉ. प्रदीप कुमार, निहाल सिंह, मनीष और रुचि ने सेवाएं प्रदान कीं। ग्रामीणों ने गांव में स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने और जरूरतमंद लोगों को घर पर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध करवाने के लिए सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा, प्रयास सोसायटी और स्वास्थ्य टीम का आभार व्यक्त किया।
