हरोली/ऊना, 24 अक्टूबर (राजवीर चोपड़ा):- हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के जन्मदिन के अवसर पर आज टाहलीवाल में सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा के सहयोग से स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। प्रयास सोसायटी द्वारा संचालित सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा के माध्यम से शिविर में 100 से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई।

शिविर में स्वास्थ्य टीम ने लोगों की स्वास्थ्य समस्याएं सुनीं, आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया तथा जरूरतमंद लोगों को दवाइयां उपलब्ध करवाईं। लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने, संतुलित आहार लेने और स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए जागरूक किया गया। शिविर में उपस्थित महिलाओं ने केक काटा और अनुराग सिंह ठाकुर की दीर्घायु की कामना की।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष निरंजना कुमारी ने अनुराग ठाकुर को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि सांसद अनुराग ठाकुर जिस तरह अपने क्षेत्र के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं, उससे विकास को और भी तेज गति से आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने अनुराग ठाकुर की लंबी आयु की कामना भी की। वहीं, भाजपा नेता कमल सैनी ने भी अनुराग ठाकुर को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनकी दीर्घायु की कामना की।

शिविर में डॉ. प्रदीप कुमार, रुचि, मनीष, निहाल सिंह, नगर पंचायत उपाध्यक्ष राज कुमार मल्ली तथा आशा वर्करों ने सेवाएं प्रदान कीं। ग्रामीणों ने अपने क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा, प्रयास सोसायटी और स्वास्थ्य टीम का आभार व्यक्त किया।