असंध/करनाल, 16 नवंबर (प्रवीण वालिया):- विधायक योगेंद्र राणा ने असंध विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए आज गांव औंगद, मंजुरा और बजीदा रोडान में करीब 1 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान विधायक ने गांव औंगद में 59 लाख रुपये के विकास कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। वहीं गांव बजीदा रोडान में 1 करोड़ 5 लाख रुपये तथा गांव मंजुरा में 20 लाख रुपये की लागत के विकास कार्यों का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर विधायक योगेंद्र राणा ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। गांवों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ लोगों की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांवों में सामुदायिक केंद्र, पक्की गलियों एवं नालों का निर्माण, लाइब्रेरी, रास्तों को पक्का करवाना, चारदीवारी, स्टेडियम सहित अनेक विकास कार्य लगातार करवाए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और गांवों का समग्र विकास सुनिश्चित हो।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। असंध विधानसभा क्षेत्र में भी बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र को विकास कार्यों की निरंतर सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का आभार व्यक्त किया।
गांवों में पहुंचने पर ग्रामीणों ने विधायक योगेंद्र राणा का फूलों के गुलदस्ते भेंट कर भव्य स्वागत किया तथा स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। इस दौरान ग्रामीणों ने विकास कार्यों के लिए विधायक का आभार जताया और क्षेत्र में इसी प्रकार विकास कार्य जारी रखने की अपेक्षा व्यक्त की।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष संजय राणा, मार्किट कमेटी चेयरमैन सुशील शर्मा, ब्लॉक समिति चेयरमैन सतीश दादुपुर, मंडलाध्यक्ष राहुल बिडमाजरा, चंद्रभान शाहपुर, सरपंच मंजुरा बाबू राम, सरपंच कुलदीप, सरपंच प्रतिनिधि टेकचंद, सरपंच प्रतिनिधि सियाराम, सुभाष राणा, पप्पी हथलाना, रितिक हथलाना, प्रेम काम्बोज सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
