बंगाणा (ऊना), 24 अक्तूबर:- कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के बीहरू में 2.47 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित उपतहसील कार्यालय भवन का शनिवार को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिमला से वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। इस अवसर पर विधायक विवेक शर्मा (विक्कू) ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि वे क्षेत्र की जरूरतों और लोगों की समस्याओं से भली-भांति परिचित हैं। उनके मार्गदर्शन और सहयोग से कुटलैहड़ में विकास कार्यों को गति मिली है।

विधायक ने कहा कि बीहरू उपतहसील का नया भवन क्षेत्रवासियों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए बेहतर सुविधाएं प्रदान करेगा। क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान में मुख्यमंत्री के सहयोग के लिए वे दिल से उनके आभारी हैं।


बीबीएमबी से पानी उठाने की अनुमति से पेयजल समस्या दूर करने में मिलेगी मदद

विवेक शर्मा ने कहा कि बंगाणा क्षेत्र की पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) से पानी उठाने की अनुमति मिलना महत्वपूर्ण कदम है। इसका श्रेय मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू को जाता है। इससे क्षेत्र की पेयजल जरूरतों को पूरा करने में बड़ी मदद मिलेगी।

उन्होंने बताया कि करीब 15 करोड़ रुपये की लागत वाली तुरकाल-पंगा पेयजल आपूर्ति योजना का काम चल रहा है। मुख्यमंत्री ने इसका शिलान्यास किया था और इसे इसी वर्ष दिसंबर तक पूरा कर जनता को समर्पित करने का लक्ष्य है। इसके अतिरिक्त मंदली क्षेत्र के लिए करीब 46 करोड़ रुपये और लठियाणी क्षेत्र के लिए करीब 36 करोड़ रुपये की सिंचाई परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में काम किया जा रहा है।


हर पंचायत में जिम, पार्क और रीडिंग कम स्टडी रूम बनाने की योजना

विधायक ने कहा कि युवाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए हर पंचायत में जिम व पार्क विकसित करने और गलियों में सोलर लाइटें लगाने की दिशा में काम किया जा रहा है। प्रत्येक पंचायत घर में इंटरनेट सुविधा से युक्त रीडिंग कम स्टडी रूम बनाने की योजना है, ताकि युवाओं को पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधा मिल सके।

उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों की शिक्षा में मदद करना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे बच्चों की पढ़ाई से जुड़ा कोई मामला हो तो उन्हें ध्यान में लाएं, उनकी सहायता के लिए यथासंभव प्रयास किए जाएंगे।


गोविंद सागर झील क्षेत्र में पर्यटन विकास पर जोर

विवेक शर्मा ने कहा कि कुटलैहड़ क्षेत्र में पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं। गोविंद सागर झील और आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। अंद्रौली में भव्य प्रवेश द्वार बनाया गया है और मंदिर तक जाने वाले रास्ते को बेहतर किया गया है। क्षेत्र में वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए करोड़ों रुपये की लागत से आधारभूत ढांचा विकसित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बनेंगे।

कुटलैहड़ में औद्योगिक विकास की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए करीब 300 कनाल भूमि चिह्नित की गई है और लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से औद्योगिक विकास संबंधी कार्य किए जाने की योजना है।


बिजली और पेयजल व्यवस्था मजबूत करने के प्रयास

विधायक ने कहा कि पिछले दो वर्षों में कुटलैहड़ क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। क्षेत्र में 75 ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं और विद्युत बोर्ड को करीब 40 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है। कम वोल्टेज की समस्या दूर करने के लिए जरूरत के अनुसार नए ट्रांसफार्मर लगाने की दिशा में भी काम किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि पेयजल व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए क्षेत्र में 200 से अधिक मोटरें लगाई गई हैं। इसके अतिरिक्त क्षेत्र में डीएसपी कार्यालय खोलने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। स्कूलों, अस्पतालों और अन्य संस्थानों में आवश्यक स्टाफ उपलब्ध करवाने के लिए नियुक्तियां की जा रही हैं, ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।


पटवार सर्कल की बहाली और नकल शाखा खोलने के लिए करेंगे प्रयास

विवेक शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में डी-नोटिफाई किए गए पटवार सर्कल को बहाल करवाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। इसके अलावा बंगाणा क्षेत्र में नकल शाखा खोलने का आग्रह मुख्यमंत्री से किया गया है, जिस पर उन्होंने सकारात्मक सहमति जताई है। इससे लोगों को राजस्व अभिलेखों की प्रतियां प्राप्त करने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए नीति बनाने का विषय सरकार के समक्ष उठाया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान किसान मोर्चा अध्यक्ष देशराज मोदगिल और पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष राम आसरा ने भी अपने विचार रखे। डोहक पंचायत के प्रधान रोशन लाल, उपप्रधान अरुण सहित पंचायत प्रतिनिधियों और पंचायत कार्यकारिणी ने विधायक विवेक शर्मा का स्वागत किया तथा मुख्यमंत्री और विधायक का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर उपायुक्त जतिन लाल, पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ, एसडीएम सोनू गोयल, तहसीलदार अमित शर्मा, बीडीओ के. एल. वर्मा, जिला परिषद सदस्य चंचल बाला, कांग्रेस ब्लॉक उपाध्यक्ष इकबाल सिंह, जिला कार्यकारी अध्यक्ष सुरेश दत्त और गौ सेवा आयोग के सदस्य अरुण पटियाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।