हांसी:– विधायक विनोद भयाना ने हांसी जंक्शन पर ट्रेनों के ठहराव एवं रेल सेवाओं के विस्तार को लेकर रेल मंत्री को पत्र भेजा है। विधायक ने बुधवार को इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा हांसी को प्रदेश का 23 वां जिला घोषित किए जाने के बाद यहां रेल सुविधाओं का विस्तार अत्यंत आवश्यक हो गया है।  
उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर डिवीजन में स्थित हांसी जंक्शन एक महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन है। हांसी जंक्शन पर दोनों दिशाओं में ट्रैक विद्युतीकरण का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत स्टेशन के नए भवन का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। इस विकास परियोजना पर लगभग 18 करोड रुपए की धनराशि खर्च की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय बनने के बाद हांसी तथा आसपास के क्षेत्रों से रेल यात्रियों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। ऐसे में अधिक ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित करना जनहित में आवश्यक है, जिससे यात्रियों को सुविधा मिलने के साथ-साथ रेलवे राजस्व में भी वृद्धि होगी।

*इन ट्रेनों के हांसी जंक्शन पर ठहराव की गई है मांग*
विधायक विनोद भयाना ने बताया कि हांसी जंक्शन पर कई ट्रेनों के ठहराव की मांग की गई है। उन्होंने बताया कि गोरखपुर से भटिंडा तथा भटिंडा से गोरखपुर ट्रेन का प्रतिदिन, अगरतला से फिरोजपुर फिरोजपुर से अगरतला ट्रेन का साप्ताहिक, हरिद्वार से बीकानेर ट्रेन का सप्ताह में तीन दिन, जोधपुर से हिसार एक्सप्रेस ट्रेन का प्रतिदिन तथा साबरमती कटरा तथा कटरा साबरमती ट्रेन का साप्ताहिक ठहराव की मांग की गई है।
इसके अतिरिक्त विधायक ने जोधपुर–हिसार एक्सप्रेस को उपलब्ध लाइन ओवर का उपयोग करते हुए भिवानी सिटी तक विस्तारित किए जाने की भी मांग की है, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को सीधी और बेहतर रेल सुविधा मिल सके।
विधायक विनोद भयाना ने हांसी रेलवे स्टेशन को जंक्शन बनाने के लिए रेल मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया  कि रेल मंत्रालय हांसी की जनता की लंबे समय से चली आ रही इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर जिला हांसी को सशक्त रेल नेटवर्क प्रदान करेगा।