हांसी:– शहर में अतिक्रमण, सफाई व बेसहारा पशुओं के मुद्दों को लेकर विधायक विनोद भयाना, डीएमसी नीरज कुमार ने व्यापारियों के प्रतिनिधियों, नगर परिषद व पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की, गंभीरता पूर्ण माहौल में दो घंटे चली इस बैठक में एक एक करके तीनों समस्याओं का सर्वसम्मति से हल निकाला गया। 
इस दौरान शहर में अतिक्रमण को लेकर दुकानों के शटर से आगे ढाई फीट तक सामान रखने की अनुमति दी। वहीं सफाई व्यवस्था में खामियों को लेकर ठेकेदार को जमकर लताड़ लगाई व व्यवस्था को एक सप्ताह में सुधारने के लिए कहा। इसके अलावा बेसहारा पशुओं के मामले में अवैध बाड़ा संचालकों पर कार्रवाई करवाने को लेकर योजना बनाई।
इन तीनों मुद्दों को लेकर विधायक विनोद भयाना के पास लगातार शिकायतें आ रही थी। शिकायतों के समाधान के लिए विधायक विनोद भयाना के साथ डीएमसी नीरज कुमार विशेष रूप से उपस्थित थे । इसके साथ ही  एसडीएम  राजेश खोथ व संबंधित अधिकारियों और व्यापार संगठनों से जुड़े प्रतिनिधि भी उपस्थित थे । बैठक में सबसे पहले अतिक्रमण के मुद्दे पर चर्चा हुई।
 जिसमें व्यापारी प्रतिनिधियों ने बताया कि वह भी खुद अतिक्रमण से परेशान हैं व इसका स्थाई समाधान चाहते हैं। इस दौरान विधायक ने अतिक्रमण को लेकर कहा कि पूरे शहर में एक ही नियम रहेगा। केवल शटर से आगे ढाई फीट तक सामान रखने की अनुमति रहेगी। इसके आगे किसी दुकानदार ने सामान रखा उस पर कानूनी कार्रवाई होगी। 
विधायक ने इस दौरान व्यापारी प्रतिनिधियों के समक्ष साफ लहजे में कहा कि अतिक्रमण के मामले में कार्रवाई से बचने के लिए कोई भी व्यापारी उन्हें फोन न करें। इस मामले में व्यापारी प्रतिनिधियों ने फोन न करने व सहयोग करने का वादा किया। वहीं अधिकारियों को कहा कि अगर समझाने पर कोई दुकानदार न माने तो उस पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। 
वहीं सफाई मामले में विधायक ने साफ कहा कि वह सफाई व्यवस्था से संतुष्ट नहीं है। 
इस दौरान डीएमसी नीरज कुमार ने ठेकेदार को सख्त लहजे में कहा कि वह सफाई व्यवस्था सुधार लें, अन्यथा फर्म को ब्लैक लिस्ट कर दिया जाएगा। जिसके बाद वह पूरे हरियाणा में कहीं भी टेंडर नहीं ले सकेंगे। वहीं विधायक विनोद भयाना ने कहा कि डीएमसी के आने पर पूरा शहर साफ कर दिया, अन्यथा पूरे शहर में कचरे के ढेर लगे रहते थे। इस दौरान विधायक के राजनीतिक सलाहकार दिनेश भुटानी ने सफाई मामले में शहर की मैपिंग तैयार करने की सलाह दी। 
इसमें शहर को नौ जोन में बांट कर हर जोन पर एक-एक सुपरवाइजर लगाने की सलाह दी। हर तीन जोन पर एक जेई की ड्यूटी लगाने की भी सलाह दी। साथ ही सफाई को लेकर जोन में आपसी प्रतियोगिता करवाने व विजेता जोन के कर्मचारियों को इनाम देने का सुझाव दिया। जिस पर डीएमसी नीरज कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी ऐसी प्रतियोगिताएं शहरी स्तर पर करवाने के लिए कहा है। 
डीएमसी नीरज कुमार ने कहा कि मैपिंग से कर्मचारियों को अपने क्षेत्रों के बारे में पुख्ता जानकारी होगी व प्रतियोगिता से सफाई व्यवस्था सुधरेगी। डीएमसी ने नगर परिषद के अधिकारियों को कहा कि सफाई के मामले में सभी मोनिटरिंग करें, अन्यथा उनपर भी कार्रवाई होगी। 
वहीं बेसहारा पशुओं को लेकर की गई चर्चा में नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी डॉ़ सुरेश चौहान ने बताया कि अब तक 1419 बेसहारा पशु पकड़ कर गोशाला में छोड़े जा चुके हैं। इन सभी पशुओं की राजकीय पशु चिकित्सालय से टैगिंग भी करवाई गई है। 
इस दौरान विधायक ने साफ कहा कि उन्हें बेसहारा पशु मुक्त शहर चाहिए। जिस पर व्यापारी प्रतिनिधियों ने कहा कि शहर में अवैध बाडा संचालक गायों का दुध निकालकर सड़कों पर छोड़ देते हैं। जिससे हादसे भी होते हैं। इस पर डीएमसी ने ऐसे बाड़ा संचालकों पर एफआईआर दर्ज करवाने के लिए कहा। साथ ही स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को सुधारने के निर्देश दिए।
वहीं तिकोना पार्क के समीप अवैध रूप से लगी हुई मांस-मीट की दुकानों व वहां पर बैठकर शराब पीने वालों पर कार्रवाई की मांग की। इस पर विधायक ने डीएसपी विनोद शंकर को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
विधायक विनोद भयाना ने कहा कि जल्द अतिक्रमण को लेकर कार्रवाई शुरु होगी। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों पर जमीनी स्तर पर कार्य होने से शहर एक दम साफ सुथरा हो जाएगा। शहर की अधिकांश समस्याएं इन्हीं विषयों से जुड़ी हुई हैं। ऐसे में इन समस्याओं को दूर करवाया जाएगा। इस दौरान विधायक विनोद भयाना ने निर्देश दिए कि एसडीएम राजेश खोथ की अध्यक्षता में संबंधित विभागों व प्रमुख समाजसेवियों की कमेटी बनाकर बेसहारा पशुओं की समस्या के निदान पर कार्रवाई शुरू की जाएं।
 इस दौरान एसडीएम राजेश खोथ, चेयरमैन प्रवीन ऐलावादी, भाजपा नेता राजपाल यादव, विधायक के राजनीतिक सलाहकार दिनेश भूटानी, नगर परिषद के एक्सईएन विक्की,सर्व व्यापार मंडल के प्रधान बजरंग बंसल, नगर परिषद के उपप्रधान अनिल बंसल, प्रदीप गर्ग डॉली, राजीव शर्मा, कृष्ण ऐलावादी, प्रताप बाजार एसोसिएशन के प्रधान राकेश भाटिया,अनिल चावला,गुलशन मक्कड़,लक्ष्य रेवड़ी, सुमित कथूरिया व अन्य व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।