करनाल, 24 जून:- विधायक जगमोहन आनंद ने एसआईआर 2026 अभियान के तहत बीएलओ की उपस्थिति में सेक्टर-13 स्थित अपने कैम्प कार्यालय में आज दोपहर बाद गणना प्रपत्र भरा और उनको आवश्यक दस्तावेज सौंपकर इस प्रक्रिया को पूरा किया तथा इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित की।
विधायक ने कहा कि एसआईआर अभियान के तहत किसी भी वैध मतदाता की वोट को काटा नहीं जा रहा है, बल्कि यह केवल मतदाता सूची के शुद्धिकरण की प्रक्रिया है ताकि डुप्लीकेट व दोहरी वोटों को हटाया जा सके और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित हो सकें। उन्होंने करनाल की जनता से अपील की कि वे इस एसआईआर अभियान में बढ़-चढक़र भाग लें, अपने वोट की जांच करें और जिन पात्र नागरिकों ने अब तक अपना वोटर आईडी कार्ड नहीं बनवाया है, वे तुरंत अपने बीएलओ या निर्वाचन कार्यालय से संपर्क कर अपनी वोट अवश्य बनवाएं।
उन्होंने सभी सम्मानित नागरिकों से विनम्र आग्रह किया कि जब भी बीएलओ आपके घर या प्रतिष्ठान पर आएं अथवा आपको गणना प्रपत्र भरने के लिए कहा जाए, तो पूरा सहयोग अवश्य करें और अपना गणना प्रपत्र समय पर भरें। आपके द्वारा दी गई सही एवं पूर्ण जानकारी भविष्य की योजनाओं, प्रशासनिक व्यवस्थाओं तथा जनहित से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण कार्यों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि एक जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक होने का कर्तव्य भी है। हम सभी की सक्रिय भागीदारी से ही बीएलओ को सटीक जानकारी दें।  ताकि त्रुटि रहित मतदाता सूची तैयार हो सके। हम सभी मिलकर जिला प्रशासन, बीएलओ एवं उनकी पूरी टीम का सहयोग करें और इस महत्वपूर्ण अभियान को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ। आपका सहयोग, सशक्त प्रशासन और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।