करनाल 7 अक्टूबर: करनाल के विधायक जगमोहन आनंद और नगर निगम की महापौर रेनू बाला गुप्ता ने सोमवार को संयुक्त रूप से वार्ड नम्बर- 4, 5व 10 में करीब 101 लाख 94 हजार रुपये की लागत से होने वाले 3 विकास कार्यो का शुभारम्भ किया। इस दौरान सेक्टर-13 के पार्क नम्बर 9 में लगे तिरंगे झंडे का लोकार्पण भी किया गया है। इस मौके पर वार्ड 4 के पार्षद भूपेंद्र नोतना, वार्ड 5 के पार्षद सुभाष कंबोज, वार्ड 10 की पार्षद कुमारी आशया कुमार तथा नगर निगम के अभियंता मौजूद रहे।
                विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि करनाल के विकास में किसी प्रकार की कोई कमी नही छोड़ी जाएगी तथा करनाल के हर कोने तक विकास की रोशनी पहुंचाना ही हमारा संकल्प है। करनाल नगर निगम में विकास के लिए बजट की कोई कमी नहीं है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व केन्द्रीय ऊर्जा एवं शहरी एवं आवासन मामले मंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में लगातार विकास कार्य करवाएं जा रहें है और पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति को लाभ मिल सके, इस पर लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता के पैसे का सही इस्तेमाल हो और करनाल स्वच्छ व सुंदर दिखे, इसका ध्यान रखा जा रहा है। विकास कार्यो की करनाल की रैंकिंग में नम्बर वन रहें, इसी सोच के साथ लगातार कार्य किया जा रहा है।
                उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें जन-सेवक के रूप में चुना है, इसलिए जनता के प्रति जवाबदेही उनकी है। जनता के विश्वास से तीसरी बार भाजपा की सरकार प्रदेश में बनी है और ट्रिपल इंजन की सरकार इस समय प्रदेश में काम कर रही है। सबका साथ-सबका विकास व सबका-विश्वास के सिद्धांत पर काम किया जा रहा है। शहर में जो भी विकास कार्य हो रहें है, उस जगह पर उस विकास कार्य से संबंधित बोर्ड लगाया जाता है। इस बोर्ड पर विकास कार्य से संबंधित पूरी जानकारी अधिकारियों के नम्बर के साथ साझा की जाती है, ताकि जनता को पता लग सके कि कौन सा विकास कार्य हो रहा है और उस पर कितनी लागत आई है। विधायक ने यह भी कहा कि विकास कार्यो से संबंधित जनता को अगर कुछ कहना है या वो काम से संतुष्ठ नही है तो वे बोर्ड पर लिखे अधिकारी के नम्बर पर फोन कर या सम्बंधित पार्षद को बता सकतें है।
               नगर निगम की महापौर रेनू बाला गुप्ता ने कहा कि विभिन्न वार्डो में विकास कार्यो का शुभारम्भ किया गया है। उन्होंने कहा कि करनाल का विकास करना मेरी पहली प्राथमिकता है, करनाल के विकास में किसी प्रकार की कमी नही छोड़ी जाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व में एवं विधायक जगमोहन आनंद के सहयोग से निरंतर विकास कार्य करवाएं जा रहें है, जिसका जनता को लाभ मिल रहा है।
               उन्होंने कहा कि प्रत्येक विकास कार्य पूरी पारदर्शिता व गुणवत्ता युक्त हो, ताकि सालों साल शहरवासी उनका लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि हर विकास कार्य की जानकारी जनता को पता होनी चाहिए। इसलिए हर विकास कार्य के स्थान पर उससे सम्बंधित जानकारी का बोर्ड प्रदर्शित किया जाता है। उन्होंने जनता से अपील करते कहा कि वह भी विकास कार्यों की निगरानी करें, अगर कहीं खामी मिले तो उसकी सूचना तुरंत दें, ताकि समय रहते उसमें सुधार किया जा सके।
इस अवसर पर वार्ड 10 के पूर्व पार्षद वीर विक्रम कुमार, निशांत शानू शर्मा, पायल अरोड़ा, श्री राम वाटिका कल्याण संघ के अध्यक्ष जितेन्द्र सिंगला, महासचिव दीपक गुप्ता व कोषाध्यक्ष राम निवास गर्ग के अतिरिक्त विभिन्न गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।  
 इन विकास कार्यो का हुआ शुभारम्भ व लोकार्पण:  
1. वार्ड न. 10 के सेक्टर 13 व सेक्टर 13, एक्सटेंशन में इंटरलॉकिंग पेवर ब्लॉक की गलियों की मरम्मत की जाएगी। इस कार्य पर करीब 32 लाख 82 हजार रुपये की लागत आएगी।
2. वार्ड 10 के पार्क नंबर 9 (श्री राम वाटिका) में 100 फुट ऊंचे लगे तिरंगे झंडे का लोकार्पण किया गया है। इस कार्य पर करीब 13 लाख 65 हजार रुपये की लागत आई है।  
3. वार्ड नम्बर 4 के फूसगढ़ रोड की मरम्मत की जाएगी। इसकी लंबाई करीब 2600 फुट है। इस कार्य पर करीब 52 लाख 92 हजार रुपये की लागत आएगी।
4. वार्ड नम्बर 5 में हेरिटेज लोन से पाम रेजिडेंसी को जाने वाली सडक़ पर 450 एम.एम. डायामीटर की स्टोरम वाटर पाइप लाइन डाली जाएगी। इसकी लंबाई करीब 1550 फुट है। इस कार्य पर करीब 16 लाख 20 हजार रुपये की लागत आएगी।