अंबाला, 4 अक्तूबर (आर. सिंह):- अंबाला कैंट के पड़ाव थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी की रहने वाली 17 वर्षीय लड़की ने सिविल अस्पताल में एक मृत बच्चे को जन्म दिया है। लड़की की तबीयत बिगड़ने पर उसके माता-पिता उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल लेकर आए थे, जहां प्रसव के दौरान मृत बच्चे का जन्म हुआ। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 17 वर्षीय लड़की को शुक्रवार को अचानक पेट में तेज दर्द हुआ। उसकी बिगड़ती हालत को देखते हुए उसकी मां उसे इलाज के लिए नजदीक के एक निजी डॉक्टर के पास ले गई, लेकिन क्लीनिक बंद होने के कारण मां बच्ची को घर वापस ले आई। आधी रात को जब लड़की की हालत और बिगड़ गई तो परिवार उसे छावनी के सिविल अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में प्रसव कराया गया। लड़की ने एक मृत बच्चे को जन्म दिया। नाबालिग के गर्भवती होने और मृत बच्चे के जन्म के बारे में पता चलने पर अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचित किया। पड़ाव थाने की एक टीम अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
