अंबाला, 11 नवंबर (आर. सिंह):- भोपाल में आयोजित सीबीएसई राष्ट्रीय तैराकी चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाली माइंड ट्री स्कूल, अंबाला शहर की छात्रा पवनी को कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने 11 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मंत्री विज ने कहा कि पवनी ने राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान हासिल करके प्रदेश और शहर का गौरव बढ़ाया है।
सीबीएसई राष्ट्रीय तैराकी चैंपियनशिप 26 से 29 अक्टूबर तक भोपाल में आयोजित की गई थी। पवनी ने अंडर-11 बालिका वर्ग की 100 मीटर फ्रीस्टाइल तैराकी प्रतियोगिता में भाग लिया और शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक जीता। इससे पहले भी पवनी विभिन्न तैराकी प्रतियोगिताओं में कई पदक जीत चुकी है।
जिला खेल अधिकारी राम स्वरूप शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर पवनी के शानदार प्रदर्शन को सम्मान देते हुए कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने उसे 11,000 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया है। पवनी, उसका परिवार, स्कूल प्रशासन और खेल समुदाय मंत्री की इस सराहना और प्रोत्साहन से बेहद खुश हैं।