साहिबजादा अजीत सिंह नगर, 12 नवंबर, 2026:-डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आदित्य डचलवाल ने आज जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
उन्हें बताया गया कि साहिबजादा अजीत सिंह नगर की प्रारूप मतदाता सूची आज 12 नवंबर 2026 को प्रकाशित कर दी गई है। मतदाता सूची के संबंध में दावे और आपत्तियां 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दर्ज करवाई जा सकती हैं, जबकि अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिले में तीन विधानसभा क्षेत्र हैं, जिनमें 52-खरड़, 53-एस.ए.एस. नगर और 112-डेराबस्सी शामिल हैं। इन विधानसभा क्षेत्रों में कुल 936 मतदान केंद्र हैं। प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार जिले में कुल 7,47,569 मतदाता हैं, जिनमें 3,78,243 पुरुष, 3,69,314 महिलाएं और 12 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि नए मतदाता के रूप में नाम दर्ज करवाने या मतदाता सूची में किसी प्रकार का संशोधन करवाने के लिए फॉर्म नंबर 6, 6ए, 7 और 8 भरे जा सकते हैं। ये फॉर्म वोटर पोर्टल और ईसीआईनेट (ECINET) ऐप के माध्यम से ऑनलाइन भी जमा करवाए जा सकते हैं। किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।
बैठक के दौरान बताया गया कि प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 52-खरड़ में कुल मतदाताओं की संख्या 2,65,702, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 53-एस.ए.एस. नगर में 2,02,010 और विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 112-डेराबस्सी में 2,79,857 है। इस प्रकार जिला एस.ए.एस. नगर में कुल मतदाताओं की संख्या 7,47,569 हो गई है।
उन्होंने बताया कि आम जनता के निरीक्षण के लिए ये मतदाता सूचियां संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ), निर्वाचन क्षेत्र 52-खरड़, 53-एस.ए.एस. नगर और 112-डेराबस्सी के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों के कार्यालयों तथा जिला निर्वाचन कार्यालय, एस.ए.एस. नगर में उपलब्ध रहेंगी।
प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के दौरान जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को फोटोयुक्त मतदाता सूचियों की एक-एक हार्ड कॉपी और बिना फोटो वाली मतदाता सूचियों की एक-एक सीडी उपलब्ध करवाई गई। उन्हें यह भी बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति का नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हुआ है, तो वह मतदाता सूचियों के निरंतर अद्यतन के दौरान अपना फॉर्म नंबर 6 संबंधित बीएलओ, निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी के कार्यालय या ऑनलाइन पोर्टल पर जमा करवा सकता है।
इस दौरान आम आदमी पार्टी की ओर से श्री बहादुर सिंह चहल, श्री रघबीर सिंह, श्री जसवंत सिंह, श्री अशोक कुमार, श्री गुरदीप सिंह और श्री बलजिंदर सिंह; कांग्रेस की ओर से श्री नवतेज और श्री प्रदीप सिंह; सीपीआई की ओर से श्री महिंदर पाल सिंह; अकाली दल की ओर से श्री भरपूर भारती; भारतीय जनता पार्टी की ओर से श्री अनिल कुमार; श्रीमती हरप्रीत कौर, चुनाव तहसीलदार श्री सुरिंदर कुमार तथा अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
