रतिया, 20 अक्टूबर (एडवोकेट गुरप्रीत सिंह मंडेर):- गुरुनानक डिफेंस अकादमी, रतिया में आयोजित राष्ट्रीय गतका चैंपियनशिप के दौरान शहीद उधम सिंह कॉलेज ऑफ नर्सिंग, बरोटा, रतिया की छात्राओं ने मेडिकल कैंप लगाकर खिलाड़ियों एवं वहां उपस्थित लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। इस कैंप के माध्यम से छात्राओं ने सेवा भावना, व्यावहारिक दक्षता और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर सिंह गंगवा तथा विशिष्ट अतिथि राज्यसभा सांसद श्री सुभाष बराला ने नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं द्वारा प्रदान की गई मेडिकल सेवाओं की सराहना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय प्रधान डॉ. राजिंदर सिंह सोहल ने की। कॉलेज की डायरेक्टर डॉ. गुरमीत कौर नड्डा ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों तथा अन्य उपस्थित लोगों को आवश्यक प्राथमिक स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध करवाना और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था।

मेडिकल कैंप के दौरान नर्सिंग विद्यार्थियों ने लोगों को प्राथमिक उपचार, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों के बारे में जागरूक किया। खेल प्रतियोगिताओं के दौरान खिलाड़ियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य देखभाल के लिए इस प्रकार की चिकित्सा सुविधाएं विशेष महत्व रखती हैं।

इस कैंप के माध्यम से विद्यार्थियों को वास्तविक परिस्थितियों में अपने व्यावहारिक ज्ञान का उपयोग करने के साथ-साथ टीमवर्क, अनुशासन और सामाजिक सेवा का अनुभव प्राप्त हुआ। कॉलेज प्रबंधन का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ कुशल, संवेदनशील और जिम्मेदार स्वास्थ्यकर्मी के रूप में तैयार करना है।

कॉलेज की डायरेक्टर डॉ. गुरमीत कौर नड्डा एवं प्राचार्या सुश्री शशिकलावती अरुणाचलम के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को समय-समय पर ऐसी गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है, ताकि वे अपने ज्ञान एवं कौशल का उपयोग समाज के हित में कर सकें।

इस अवसर पर गतका फेडरेशन इंडिया के अध्यक्ष डॉ. राजिंदर सिंह सोहल, महासचिव बलजिंदर सिंह तूर, हरियाणा प्रधान स्वर्ण सिंह, सीओ गुरजीत सिंह, साहित्यकार डॉ. नैब सिंह मंडेर, डॉ. नरिंदर सिंह नड्डा, डॉ. सुरेश मेहता सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए गतका पदाधिकारी, अध्यक्ष एवं सचिव उपस्थित थे।