रतिया, 19 नवंबर (एडवोकेट गुरप्रीत सिंह मंदर):- शहीद देविंद्र सिंह यादगारी ट्रस्ट, रतिया की ओर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एम.पी. सोत्र में शहीदी चेतना समारोह आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य प्रदीप कुमार ने की।

इस अवसर पर ट्रस्ट सदस्य बलजिंद्र सिंह खोखर ने उपस्थित लोगों का स्वागत करते हुए बताया कि शहीद देविंद्र सिंह रतिया के पहले शहीद हैं। उन्होंने इसी विद्यालय से दसवीं कक्षा की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। समारोह के दौरान कक्षा ग्यारहवीं के विद्यार्थी गुरमुख सिंह ने शहीद देविंद्र सिंह के जीवन, देशभक्ति और शहादत से जुड़े प्रेरक प्रसंग प्रस्तुत किए। विद्यालय के प्राचार्य, स्टाफ सदस्यों और विद्यार्थियों ने शहीद की तस्वीर के समक्ष पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

समारोह में विद्यालय के स्टाफ और विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेते हुए नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रदीप कुमार ने कहा कि देश की आन, बान और शान के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीद देविंद्र सिंह सदैव अमर रहेंगे। उनकी देशभक्ति, त्याग और बलिदान की भावना युवा पीढ़ी को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने कहा कि शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेकर विद्यार्थियों को देश, समाज और मानवता के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।

इसके बाद प्राचार्य प्रदीप कुमार ने शहीदी चेतना रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विद्यार्थियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ रैली में भाग लिया और “जब तक सूरज चांद रहेगा, देविंद्र सिंह तेरा नाम रहेगा”, “पर्यावरण बचाओ, जिंदगी बचाओ” तथा “न नशा करेंगे, न ही करने देंगे” जैसे प्रभावशाली नारे लगाए। रैली के माध्यम से शहीदों के सम्मान, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्त समाज का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।

इस अवसर पर प्राचार्य प्रदीप कुमार, बलजिंदर सिंह खोखर, बजरंग गोदारा, बलबीर सिंह, सुरेश कुमार, हरीश कुमार, सुरेश कुमार (टीजीटी), कृष्ण कुमार, मीनू रानी, कल्पना यादव, प्रगट सिंह और सुखमोहिंदर कौर सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।