साहिबजादा अजीत सिंह नगर, 01 सितंबर, 2026:- जिला खेल अधिकारी, साहिबजादा अजीत सिंह नगर द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित मैराथन का आयोजन किया गया। मैराथन को स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सेक्टर-78, साहिबजादा अजीत सिंह नगर से रवाना किया गया।
जिला खेल अधिकारी ने बताया कि मैराथन को झंडी दिखाकर रवाना करने के अवसर पर जिले की प्रमुख हस्तियों तथा जिला प्रशासन के अधिकारियों ने विशेष रूप से शिरकत की। इस अवसर पर पंजाब जल आपूर्ति एवं सीवरेज बोर्ड के चेयरमैन श्री सन्नी सिंह आहलूवालिया, जिला योजना कमेटी की चेयरपर्सन इंजीनियर प्रभजोत कौर व जिला ट्रेडर्स कमीशन के चेयरमैन श्री रणजीत पाल सिंह, सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विशेष अतिथियों ने बच्चों और युवाओं को खेलों के साथ निरंतर जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, समर्पण, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली को भी प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेलों के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पंजाब और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
जिला खेल अधिकारी ने बताया कि उक्त मैराथन में लगभग 700 प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। विशेष रूप से बच्चों और युवाओं के साथ-साथ बुजुर्गों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने इस आयोजन को और भी यादगार बनाया। विभिन्न आयु वर्ग के लोगों की भागीदारी ने खेलों एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति समाज में बढ़ती जागरूकता का परिचय दिया।
उन्होंने आगे बताया कि मैराथन में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को टी-शर्ट प्रदान की गईं तथा मैराथन की समाप्ति उपरांत उन्हें मेडल देकर सम्मानित किया गया। प्रतिभागियों एवं उपस्थित अधिकारियों के लिए जलपान की भी व्यवस्था की गई।
इस अवसर पर सुश्री उमेश्वरी शर्मा, जिला खेल अधिकारी, समस्त कोच, खेल विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा अन्य संबंधित गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।