हरोली/ऊना, 1 अगस्त (राजवीर चोपड़ा):- पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन तथा प्रयास सोसाइटी के सहयोग से संचालित सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा, हरोली ने जुलाई माह के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करते हुए 1,967 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस अवधि में 890 निःशुल्क लैब जांचें भी की गईं। मरीजों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक दवाइयां तथा स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई गई।
जुलाई माह में आयोजित विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों के दौरान चिकित्सा टीम ने लोगों को बरसात के मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव के प्रति भी जागरूक किया। ग्रामीणों को स्वच्छ एवं उबला हुआ पानी पीने, घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, जलभराव से बचने, मच्छरों से सुरक्षा के उपाय अपनाने तथा बुखार, दस्त और अन्य मौसमी बीमारियों के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी गई।
सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा की टीम ने बिस्तर पर रहने वाले (बेड रिडन) मरीजों के घर पहुंचकर भी स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार की सुविधा प्रदान की। इससे चलने-फिरने में असमर्थ मरीजों को घर बैठे ही स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला।
इसी क्रम में शनिवार को ग्राम पंचायत एवं गांव बालीवाल में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 68 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा 29 निःशुल्क लैब जांचें सम्पन्न की गईं। शिविर में डॉ. प्रदीप कुमार, रूचि और निहाल सिंह ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। शिविर के सफल आयोजन में आशा वर्करों एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
स्थानीय ग्रामीणों ने सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल गांव-गांव तक निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के साथ-साथ लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी प्रभावी माध्यम बन रही है।
जुलाई में सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा का बड़ा अभियान 1967 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण 890 निःशुल्क लैब जांचें
