नवांशहर, 15 नवंबर (जतिंदरपाल सिंह कलेर):- पंजाब सरकार और पुलिस महानिदेशक, पंजाब द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत शहीद भगत सिंह नगर जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

प्रेस को जानकारी देते हुए शहीद भगत सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस कप्तान श्री तुषार गुप्ता, आईपीएस ने बताया कि इस अभियान के तहत जिले में नशे का कारोबार करने वाले व्यक्तियों के ठिकानों पर प्रतिदिन छापेमारी की जा रही है। इसी कड़ी में जिले के विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 74 ग्राम हेरोइन बरामद की है। उनके खिलाफ मामले दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

एसएसपी तुषार गुप्ता ने आम जनता से अपील की कि वे नशे से दूर रहकर खुशहाल जीवन व्यतीत करें। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि नशे का कारोबार करने वाले व्यक्तियों के बारे में स्थानीय पुलिस को सूचना दें, ताकि उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने यह भी अपील की कि नशे का सेवन करने वाले व्यक्तियों को नशे की दलदल से बाहर निकालने के लिए उपचार हेतु भर्ती करवाने में पुलिस का सहयोग करें।

उन्होंने बताया कि जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान लगातार जारी रहेगा।