करनाल, 10 नवंबर (प्रवीण वालिया):- “मंजिल उन्हीं को मिलती है जिनके सपनों में जान होती है”—करनाल के अंतरराष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी नितेश कुमार ने इस कहावत को सच कर दिखाया है। करीब 11 साल पहले विशाखापत्तनम रेलवे स्टेशन पर हुए एक दर्दनाक रेल हादसे में अपना एक पैर गंवाने के बावजूद आईआईटी (IIT) के पूर्व छात्र नितेश ने हार नहीं मानी। अपने पिता विजेंद्र जी के सहयोग से उन्होंने खेल को अपनी ताकत बनाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सराहे जा चुके नितेश अब तक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 100 से अधिक पदक जीत चुके हैं, जिनमें पैरालंपिक और पैरा एशियाड के स्वर्ण एवं रजत पदक शामिल हैं। एक विशेष बातचीत में उन्होंने अपना सबसे यादगार अनुभव साझा करते हुए बताया कि पैरा एशियाड के एक बेहद कड़े मुकाबले के दौरान बीच मैच में उनकी कृत्रिम टांग टूट गई थी। इसके बावजूद उन्होंने बिना लड़खड़ाए मुकाबला जारी रखा और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। युवाओं को संदेश देते हुए नितेश ने कहा कि किसी भी दुखद घटना या शारीरिक अपूर्णता को जीवन का अंत या अपनी कमी नहीं मानना चाहिए। इसके बजाय इसे एक नई शुरुआत समझकर पूरे हौसले और मिलजुलकर आगे बढ़ना चाहिए, क्योंकि जीत उन्हीं की होती है जिनके हौसलों में उड़ान होती है।