हांसी (दिनकर गावड़ी):- आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से सात करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और फिरौती न देने पर उन्हें तथा उनकी पुत्री हर्षिता को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर जान से मारने की धमकी दिए जाने की कड़े शब्दों में निंदा की है। इस धमकी से देशभर के आप नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी रोष है। पार्टी की राष्ट्रीय परिषद के सदस्य और हांसी जिला अध्यक्ष राजेन्द्र सोरखी ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि आम आदमी पार्टी की देशभर में बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए ऐसे ओछे हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के दिलेर नेता इन गीदड़ धमकियों से घबराने वाले नहीं हैं। पार्टी की दिन-प्रतिदिन बढ़ती साख को देखते हुए भाजपा सरकार आए दिन आप नेताओं और कार्यकर्ताओं पर तरह-तरह के जुल्म ढाने पर तुली हुई है।
इस मामले में दिल्ली के तिलक नगर से आप विधायक जरनैल सिंह को धमकी भरे फोन कॉल और व्हाट्सएप संदेश मिलने के बाद पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवा दी गई है। पार्टी ने धमकी देने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की पुरजोर मांग की है।
आप के वरिष्ठ नेता राजेन्द्र सोरखी ने कहा कि हाल ही में मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ भी भाजपा सरकार द्वारा घटिया हरकतें की गईं। उन्होंने कहा कि शेर-ए-पंजाब भगवंत मान पंजाब में अब तक भाजपा को मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं और भविष्य में होने वाले चुनावों में भी उसे आईना दिखाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकारें आनी-जानी चीज हैं, लेकिन बदले की भावना या भेदभाव से काम करना पूरी तरह गलत है। भाजपा सरकार को समय रहते अपने तौर-तरीकों में सुधार लाना चाहिए, अन्यथा समय आने पर देश की जनता भाजपा और उसके नेताओं को सबक सिखाने का काम करेगी।
