गढ़शंकर, 03 अक्तूबर (हरि कृष्ण गंगड़):- शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रबंधन के अधीन चल रहे बब्बर अकाली मेमोरियल खालसा कॉलेज गढ़शंकर के खिलाड़ियों ने सरकारी कॉलेज टांडा में खेलां वतन पंजाब दीयां के जिला स्तरीय मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न खेलों में अग्रणी स्थान हासिल किए हैं। इन मुकाबलों में खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स के डिस्कस थ्रो अंडर-30 वर्ष वर्ग में मोहित ने पहला और दिलजीत ने दूसरा स्थान प्राप्त करके स्टेट स्तर के लिए क्वालीफाई किया। 1500 मीटर दौड़ अंडर-30 वर्ष वर्ग में धर्मवीर ने तीसरा स्थान, पावरलिफ्टिंग के अंडर-21 वर्ष वर्ग के 74 किलोग्राम भार वर्ग में शुभम ने तीसरा स्थान तथा अंडर-30 वर्ष वर्ग के 83 किलोग्राम भार वर्ग में अनुज ने तीसरा स्थान हासिल किया। कबड्डी पंजाब स्टाइल लड़के अंडर-21 वर्ष वर्ग में टीम ने दूसरा स्थान हासिल किया। शूटिंग के अंडर-21 वर्ष आयु वर्ग में परमजीत सिंह ने दूसरा स्थान हासिल किया।
कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. अमनदीप हीरा ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और भविष्य में और अधिक मेहनत करके उच्च स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्टेट स्तर के लिए क्वालीफाई करने वाले खिलाड़ियों को विशेष रूप से शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रो. सतिंदरजीत कौर, फिजिकल एजुकेशन अध्यापिका का इन उपलब्धियों के लिए विशेष योगदान रहा है, जिन्होंने खिलाड़ियों को लगातार मुकाबलों के लिए तैयारी करवाई। प्रो. लखविंदरजीत कौर और कॉलेज स्पोर्ट्स क्लब के सदस्यों ने भी खिलाड़ियों को बधाई दी।
