नवांशहर/काठगढ़, 17 नवंबर (जतिंदर पाल सिंह क्लेर):- एसएसपी तुषार गुप्ता के दिशा-निर्देशों तथा डीएसपी हेमंत मल्होत्रा और काठगढ़ थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कमल तनेजा के नेतृत्व में काठगढ़ पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को 4 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है।

पुलिस टीम का नेतृत्व कर रहे हेड कांस्टेबल गौरव सिंह ने बताया कि 16 नवंबर को शाम करीब 6:15 बजे पुलिस पार्टी काठगढ़ से सिविल अस्पताल काठगढ़ की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे एक व्यक्ति ने पुलिस को देखकर घबराहट में अपने हाथ में पकड़ा प्लास्टिक का लिफाफा नीचे फेंक दिया। पुलिस को देखकर वह अचानक पीछे मुड़ने लगा, जिस पर शक के आधार पर पुलिस ने उसे काबू कर लिया। नीचे फेंके गए लिफाफे की तलाशी लेने पर उसमें से 4 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान साहिल पुत्र कुलविंदर सिंह निवासी नवांशहर के रूप में हुई है। इस संबंध में थाना काठगढ़ में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।