करनाल, 12 नवंबर (प्रवीण वालिया):- नगर निगम की महापौर रेणु बाला गुप्ता तथा नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने गुरुवार को निगम के सभागार में आयोजित बैठक में स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में करनाल शहर को दोबारा राष्ट्रपति पुरस्कार मिलने पर सभी पार्षदों और नागरिकों को बधाई दी। हरियाणा का सबसे स्वच्छ शहर बनने पर करनाल को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित गरिमापूर्ण समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा प्रदान किया गया। बैठक में नगर निगम के सभी पार्षद, मनोनीत पार्षद, अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार, अनुभाग अधिकारी हरीश कुमार तथा स्वच्छता टीम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

महापौर रेणु बाला गुप्ता ने स्वच्छता के लिए मिले प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुरस्कार को करनाल की जनता का गौरव बताया। उन्होंने कहा कि कुछ वर्ष पहले देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को स्वच्छता का मूल मंत्र दिया था। आज स्थिति यह है कि वर्षों पहले जिस भारत देश की विदेशों में अस्वच्छ देश के रूप में गिनती होती थी, आज विश्व के कई देश भारत में स्वच्छता के क्षेत्र में अपनाए जा रहे तरीकों को अपने यहां इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि प्रधानमंत्री जी ने जिस तरह देशवासियों को स्वच्छता अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया था, यहां तक कि प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए उन्होंने सफाई कर्मचारियों के पैर धोकर उनका मनोबल बढ़ाया और एक उत्कृष्ट एवं अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया था। उन्होंने प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुरस्कार मिलने पर शहर के सभी नागरिकों, पार्षदों, वार्ड समिति सदस्यों और नगर निगम की पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से संपूर्ण स्वच्छता अभियान शुरू कर देशवासियों से अपने-अपने क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखने का आह्वान किया था। उसके अभूतपूर्व परिणाम आज सबके सामने हैं। प्रधानमंत्री के आह्वान से प्रेरित होकर प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल ने हरियाणा में स्वच्छता का जन आंदोलन शुरू किया था। इसके परिणामस्वरूप प्रदेश को अब तक राष्ट्रीय स्तर के कई पुरस्कार मिल चुके हैं। यह एक बड़ी उपलब्धि है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में शहर में अनेक विकास और स्वच्छता कार्यों से करनाल का नाम रोशन हो रहा है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता के प्रयास केवल कोई पुरस्कार पाने के लिए नहीं किए जाते, बल्कि यह एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। उन्होंने नगर निगम पार्षदों, वार्ड समिति सदस्यों और नागरिकों से मिलकर शहर में स्वच्छता का जन आंदोलन चलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण 2026-27 की तैयारी अभी से शुरू करें, ताकि देश में नंबर एक का लक्ष्य हासिल किया जा सके।

नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने भी करनाल को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए चुने जाने पर सभी शहरवासियों को बधाई दी और कहा कि यह सामूहिक सहयोग से संभव हुआ है। उन्होंने सफाई अधिकारियों, स्वच्छता टीम, विशेषज्ञों, सफाई दरोगाओं और सफाई मित्रों की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे हर परिस्थिति में साफ-सफाई के कार्य में लगे रहते हैं। इसे देखते हुए उनका योगदान सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नगर निगम करनाल स्वच्छता में देशभर में प्रथम स्थान पाने के लिए लगातार कड़ी मेहनत और लगन से कार्य करता रहेगा तथा जनभागीदारी से इस मुकाम को हासिल करेगा। उन्होंने शहरवासियों से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 का पालन करने और प्रत्येक घर में चार प्रकार के कूड़ेदानों का इस्तेमाल करने की अपील भी की।

यह कैसे संभव हुआ?

निगम आयुक्त ने बताया कि पिछले कई वर्षों से करनाल शहर में स्वच्छता के कार्यक्रम तेजी से चल रहे हैं। घर-घर से कूड़ा उठाना और गीले तथा सूखे कूड़े को अलग-अलग करके सॉलिड वेस्ट प्लांट तक पहुंचाना स्वच्छता के मानदंडों को पूरा करने के सबसे बड़े कारक हैं। इन प्रयासों से नागरिकों में जागरूकता भी आई है और अब शहर से प्रतिदिन एकत्र होने वाले कुल कूड़े का 50 प्रतिशत से अधिक पृथक्करण हो रहा है। कूड़े के पृथक्करण से सॉलिड वेस्ट प्लांट का उद्देश्य भी पहले की तुलना में कहीं बेहतर ढंग से पूरा हो रहा है।